5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, जांच में खुला पड़ोसी का खेल

Edited By Urmila,Updated: 25 Oct, 2026 01:44 PM

case involving a demand for a ransom of 5 lakh rupees

नूरपुरबेदी पुलिस ने फोन पर जान से मारने की धमकियां देकर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में 12 घंटे से भी कम समय के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

नूरपुरबेदी (भंडारी, कुलदीप): नूरपुरबेदी पुलिस ने फोन पर जान से मारने की धमकियां देकर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में 12 घंटे से भी कम समय के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना नूरपुरबेदी के मुख्य अधिकारी इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि गांव बजरूड़ निवासी शरणजीत सिंह उर्फ गौरव पुत्र स्वर्गीय अमरीक सिंह ने 22 अक्तूबर को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 21 अक्तूबर को शाम करीब 6:20 बजे उसकी माता सुदेश कुमारी के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी ओर से हरियाणवी लहजे में बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को अंबाला के मोनू राणा का आदमी बताया। फोन करने वाले ने 25 अक्तूबर तक 5 लाख रुपए देने की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसका सड़क हादसा करवा दिया जाएगा या गोलियां मारकर जान से मार दिया जाएगा। इसके अलावा, उसने विदेश से लौटे शरणजीत सिंह के भाई को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत की अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्डिंग भी कर ली।

शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ समय बाद उसकी माता के मोबाइल पर एक अन्य नंबर से 6 मिस्ड कॉल आईं। 7वीं बार फोन उठाने पर पता चला कि फोन करने वाला उनका पड़ोसी प्रेम सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी गांव बजरूड़ था। शरणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि प्रेम सिंह ने ही अपनी आवाज और बोलने का अंदाज बदलकर उसे धमकियां दीं और 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 22 अक्तूबर को प्रेम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धाराओं 308(2) और 62 के तहत मामला नंबर 158 दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन से संबंधित तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों की मदद से पुलिस ने 12 घंटे से भी कम समय में प्रेम सिंह तथा उसे मोबाइल सिम उपलब्ध करवाने वाले श्याम लाल पुत्र जय पाल निवासी गांव नालका, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में 2 से 3 अन्य व्यक्ति भी शामिल हो सकते हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि प्रेम सिंह के खिलाफ हरियाणा के अंबाला में नशा तस्करी से संबंधित 2 मामले पहले से दर्ज हैं। 

 अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!