बेकाबू कार ने झुग्गियों में मचाया कहर, सो रहे पिता-पुत्री को कुचला

Edited By Vatika,Updated: 09 Nov, 2026 03:16 PM

bathinda crime news

शहर में रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला, जब गोनियाना रोड

बठिंडा(विजय वर्मा): शहर में रविवार तड़के तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला, जब गोनियाना रोड से बठिंडा की तरफ आ रही एक बेकाबू स्विफ्ट कार सड़क किनारे बनी झुग्गियों में जा घुसी। कार ने झुग्गी में गहरी नींद में सो रहे 40 वर्षीय पिता और उसकी 16 वर्षीय बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की टांगों में फ्रैक्चर हो गया। कार ने वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और कई झुग्गियों को नुकसान पहुंचाते हुए मिट्टी के ढेर से टकराकर रुकी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

नींद में थे पिता-पुत्री, मौत बनकर झुग्गी में घुसी कार
जानकारी के अनुसार, झील नंबर-2 के सामने सड़क किनारे झाड़ू बनाने का काम करने वाले कई परिवार झुग्गियां बनाकर रहते हैं। रविवार तड़के परिवार के सदस्य अपनी झुग्गियों में सो रहे थे। इसी दौरान गोनियाना रोड से बठिंडा की तरफ आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे झुग्गियों में जा घुसी। कार की चपेट में आने से खसतौर (40) पुत्र छत्तरा और उसकी 16 वर्षीय बेटी मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की टांगों में गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए इस हादसे से झुग्गियों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।

दो बाइक चकनाचूर, झुग्गियों को भी पहुंचा नुकसान
कार की रफ्तार और टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने रास्ते में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार मिट्टी के ढेर से टकराकर रुकी। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कार चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन गरीब परिवारों की झुग्गियों और सामान को काफी नुकसान पहुंचा।

नौजवान वेलफेयर सोसायटी के वालंटियर बने मददगार
घटना की सूचना मिलते ही नौजवान वेलफेयर सोसायटी बठिंडा के वालंटियर सुमित माहेश्वरी और सक्षम माहेश्वरी एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल पिता-पुत्री को प्राथमिक सहायता दी और तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घायल परिवार मूल रूप से राजस्थान के भीलवाड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है और यहां झुग्गियों में रहकर झाड़ू बनाने का काम करता है।

फल मंडी जा रहा था कार चालक, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक गोनियाना का रहने वाला है और सब्जी विक्रेता बताया जा रहा है। वह सुबह बठिंडा की सब्जी एवं फल मंडी में फल खरीदने के लिए आ रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक सामने कुछ आने के कारण उसने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे झुग्गियों में जा घुसा।
हादसे की सूचना मिलने पर थाना थर्मल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। थाना थर्मल के प्रभारी इंस्पेक्टर हरजीत सिंह मान ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों और जांच के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!