Edited By Urmila,Updated: 01 Sep, 2026 10:51 AM

बॉलीवुड मूवी भुज- द प्राइड ऑफ इंडिया स्टार एमी विर्क के कनाडा के टोरंटो शो में युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए।
पंजाब डेस्क :पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड एक्टर एमी विर्क के कनाडा के टोरंटो में हुए लाइव शो के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब दर्शकों के बीच मौजूद युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। स्टेज के ठीक सामने शुरू हुई बहस कुछ ही पलों में हाथापाई में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय एमी विर्क स्टेज पर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे। सामने चल रही झड़प के बावजूद उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस जारी रखी। वीडियो में वह कुछ समय के लिए लड़ रहे युवकों की ओर देखते हुए भी नजर आए।
गानों के बीच शुरू हुआ विवाद
एमी विर्क का शो 30 अगस्त को ग्रेट कैनेडियन कैसीनो रिसॉर्ट में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन गानों के बीच कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों गुट एक-दूसरे से भिड़ गए। हंगामा बढ़ने पर आसपास मौजूद दर्शक भी अपनी सीटों से उठ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात सिक्योरिटी टीम को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
बीच-बचाव में सिक्योरिटी गार्ड भी घायल
सिक्योरिटी कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। इसी दौरान एक गार्ड के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। सिक्योरिटी टीम ने एक युवक को काबू कर वेन्यू से बाहर भी कर दिया। हालांकि, विवाद आखिर किस वजह से शुरू हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। कुछ लोगों के मुताबिक हूटिंग को लेकर कहासुनी हुई थी, जबकि एक प्रत्यक्षदर्शी ने मामूली बात या कथित छेड़छाड़ को विवाद की वजह बताया।
सोशल मीडिया पर सामने आया था झड़प का वीडियो
इस घटना का एक वीडियो इंस्टाग्राम यूजर आकृति ने शेयर किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। वीडियो के साथ किए गए दावे के मुताबिक, कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। मामले को संभालने के लिए बड़ी संख्या में सिक्योरिटी कर्मियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। आकृति ने यह भी कहा था कि उन्हें झगड़े की वास्तविक वजह की जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, किसी छोटी बात या छेड़छाड़ को लेकर विवाद शुरू होने की संभावना थी।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं एमी विर्क
एमी विर्क के विदेशी शो से जुड़ा एक मामला पहले भी चर्चा में आ चुका है। दिसंबर 2021 में ब्रिटेन के बर्मिंघम में हुए उनके लाइव कार्यक्रम के दौरान एक महिला फैन ने स्टेज पर अपनी ब्रा फेंक दी थी।
जून 2026 में रणवीर सिंह और 'डॉन 3' के मेकर्स के बीच कथित 45 करोड़ रुपये के हर्जाने के विवाद के बीच एमी विर्क रणवीर के समर्थन में सामने आए थे। उन्होंने मेकर्स की टाइमिंग पर सवाल उठाए थे।
फिल्म 'सुफना' के गाने 'कबूल ए' में 'रसूल' शब्द के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। सितंबर 2021 में एमी विर्क और गीतकार जानी ने सोशल मीडिया के जरिए माफी मांगी थी। इसके बाद गाने के बोल में बदलाव किया गया।
2021 में किसान आंदोलन के दौरान एमी विर्क को 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' और 'किस्मत 2' से जुड़े होने के कारण सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था। उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि इन प्रोजेक्ट्स के कॉन्ट्रैक्ट पहले ही साइन किए जा चुके थे।
किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत की एक पोस्ट को लेकर एमी विर्क समेत कई पंजाबी कलाकारों ने विरोध जताया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी हुई थी।
जून 2020 में पंजाबी सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों और अंबर धालीवाल के बीच विवाद के दौरान एमी विर्क और गगन कोकरी ने दोनों के बीच सुलह की अपील की थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना झेलनी पड़ी। दोनों कलाकारों ने बाद में माफी मांगते हुए स्पष्ट किया था कि वे घरेलू हिंसा का समर्थन नहीं करते।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here