Edited By Kamini,Updated: 09 Oct, 2026 10:21 AM

मोटरसाइकिल सवार सैनिक और उसकी पत्नी के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। पुराना शाला थाने के गांव चावा के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी भी घायल हो गई।
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): मोटरसाइकिल सवार सैनिक और उसकी पत्नी के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। पुराना शाला थाने के गांव चावा के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी भी घायल हो गई। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में जसविंदर कौर पत्नी गुरमीत सिंह निवासी मोचपुर, थाना भैणी मियां खां ने बताया कि उसके पति गुरमीत सिंह (29) अमरोई कैंट, मेघालय में इंडियन आर्मी की 17वीं ट्रेनिंग यूनिट में ड्यूटी पर थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। वह अपने पति के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सिविल अस्पताल गुरदासपुर जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे जब वे गांव चावा के पास पहुंचे तो गुरदासपुर की तरफ से आ रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। शिकायत के मुताबिक, गाड़ी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के पथरावाला का रहने वाला नवीन कुमार सैनी चला रहा था और उसने कथित तौर पर गाड़ी को गलत दिशा में तेज स्पीड और लापरवाही से चलाया।
टक्कर लगने से मोटरसाइकिल का बैलेंस बिगड़ गया और कपल सड़क पर गिर गए। इसी बीच, पास से गुजर रहे एक बड़े ट्राले का पिछला टायर गुरमीत सिंह के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जसविंदर कौर के बयानों के आधार पर पुराना शाला पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी ड्राइवर नवीन कुमार सैनी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here