Edited By Subhash Kapoor,Updated: 13 Feb, 2026 08:42 PM

पंजाब के चावल मिलरों, आटा मिलरों और आढ़तियों के संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव Tarun Chugh और पंजाब भाजपा अध्यक्ष Sunil Kumar Jakhar की अगुवाई में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन और...
कपूरथला :
पंजाब के चावल मिलरों, आटा मिलरों और आढ़तियों के संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव Tarun Chugh और पंजाब भाजपा अध्यक्ष Sunil Kumar Jakhar की अगुवाई में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री Pralhad Joshi से मुलाकात की। इस दौरान उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने चावल के भंडारण के लिए जगह की कमी, आढ़तियों के कमीशन से संबंधित समस्याएं और मिलिंग व वितरण प्रणाली से जुड़ी अन्य अहम चुनौतियों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ है। यहां के मिलर, आढ़ती और कृषि क्षेत्र से जुड़े उद्यमी लंबे समय से देश की सेवा कर रहे हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
चुघ ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण से जल्द ही संतोषजनक हल निकलेगा, जिससे उद्योग मजबूत होगा और किसानों के हित भी सुरक्षित रहेंगे।
चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों, उद्यमियों और व्यापारिक वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार संवाद और सहयोग की भावना से काम करते हुए पंजाब के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब के मिलरों, आटा उद्योग और आढ़तियों की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का यह प्रयास काफी सार्थक रहा है। केंद्रीय मंत्री के सकारात्मक रुख से उद्योग जगत का भरोसा मजबूत हुआ है और सभी संगठन इस बैठक से संतुष्ट हैं।