Edited By Updated: 21 Mar, 2017 12:36 PM
कै. अमरेंद्र सिंह के अपने शहर पटियाला के नगर निगम के मुलाजिमों को वेतन न मिलने पर भड़के मुलाजिमों ने नगर निगम के खिलाफ
पटियाला (राजेश, जोसन): कै. अमरेंद्र सिंह के अपने शहर पटियाला के नगर निगम के मुलाजिमों को वेतन न मिलने पर भड़के मुलाजिमों ने नगर निगम के खिलाफ धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। कैप्टन के मुख्यमंत्री बनने के बाद सी.एम. सिटी पटियाला में यह पहला धरना लगा है। नगर निगम कै. अमरेंद्र सिंह के न्यू मोती बाग पैलेस के बिल्कुल नजदीक है।
20 दिन निकलने पर भी नहीं मिला वेतन
प्रधान नरेश बॉबी, चेयरमैन जतिंद्र प्रिंस, अनीता, टैक्नीकल कर्मचारी दल के प्रधान राजेश कुमार, सचिव स्वर्ण सिंह, राम बहादुर, राजिंद्र सिंह सनौरी, राजिंद्र कुमार, दर्शन सिंह, कुलविंद्र सिंह, सन्नी कैशियर, विजय शर्मा, सुरजीत कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि मार्च महीने के 20 दिन बीत गए हैं परंतु अभी तक मुलाजिमों को फरवरी का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा मुलाजिमों के पी.एफ. और सी.पी.एफ. के फंड भी जमा नहीं करवाए गए।
पानी सीवरेज के नहीं दिए जा रहे कनैक्शन
रजिंद्र कुमार प्रिंस, चेयरमैन म्यूनिसिपल वर्कर यूनियन ने कहा कि शहर में लोग जो अपने नए मकान बना रहे हैं, उनको पानी सीवरेज के कनैक्शन नहीं दिए जा रहे हैं जिस कारण लोग अनधिकृत तौर पर कनैक्शन ले रहे हैं जिससे नगर निगम को आर्थिक तौर पर नुक्सान होता है। नरेश बॉबी ने कहा कि चुंगी खत्म होने के कारण नगर निगम की माली हालत बेहद कमजोर हो गई है, लिहाजा सरकार को चाहिए कि वह पटियाला नगर निगम को अधिक से अधिक फंड दे।
मुलाजिम नेताओं ने की निगम कमिश्नर के साथ मुलाकात
मुलाजिम नेताओं ने निगम कमिश्नर के साथ मुलाकात करके मांग की कि मुलाजिमों की मांगें पहल के आधार पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि मुलाजिमों के पी.एफ. का बकाया 14 करोड़ रुपए से बढ़ गया है। नगर निगम तुरंत यह राशि मुलाजिमों के खातों में जमा करवाए। कमिश्नर ने विश्वास दिलाया कि मुलाजिमों की मांगें पहल के आधार पर मानी जाएंगी।