Edited By Urmila,Updated: 20 Feb, 2026 04:14 PM

गुरदासपुर के अंदरूनी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सुनार की दुकान पर नकली चांदी बेचने आई महिला को दुकानदारों ने पकड़ लिया।
गुरदासपुर (हरमन, हरजिंदर सिंह गोराया) : गुरदासपुर के अंदरूनी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सुनार की दुकान पर नकली चांदी बेचने आई महिला को दुकानदारों ने पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी देते हुए दुकानदार अंजय वर्मा ने बताया कि एक महिला, जो स्वयं को राजस्थान की रहने वाली बता रही थी, एक लड़की के साथ उनकी दुकान पर आई और चांदी के गहने बेचने की पेशकश की। गहनों की जांच करने पर पता चला कि उनमें जरा भी चांदी नहीं थी।
दुकानदार के अनुसार, जब महिला को पकड़ने की कोशिश की गई तो उसके साथ आई लड़की मौके से फरार हो गई, जबकि महिला को लोगों ने काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस को बुलाकर महिला और नकली गहने उनके हवाले कर दिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त महिला पहले भी कई सुनारों को नकली चांदी के गहने बेचकर ठगी कर चुकी है।
इस संबंध में थाना सिटी गुरदासपुर के पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि महिला को बाजार से गिरफ्तार किया गया है। दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की पहचान मंजू पत्नी जमीनत कुमार, निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की पूछताछ जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here