Edited By Vatika,Updated: 29 Jun, 2026 09:30 AM

पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
चंडीगढ़/पंजाब डेस्क: पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 1 जुलाई से तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जून को पंजाब के कई इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है। इसके बाद 1 जुलाई से मौसम करवट लेगा और गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
सबसे अधिक तापमान जिला फरीदकोट में रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं दर्ज की गईं, जबकि हरियाणा के कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई। रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले सप्ताह में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।