Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 Oct, 2023 06:18 PM
पंजाब विजिलेंस पुलिस ने सी.आई.ए. समाना के एएसआई रघुवीर सिंह को 10 लाख रुपए रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है।
समाना (शशिपाल) : पंजाब विजिलेंस पुलिस ने सी.आई.ए. समाना के एएसआई रघुवीर सिंह को 10 लाख रुपए रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शैंपी सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी गांव तरखान माजरा द्वारा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज करवाई ऑनलाइन शिकायत की जांच उपरांत उक्त थानेदार को हिरासत में लिया गया है।
शिकायतकर्ता द्वारा लगाए आरोप के अनुसार संबंधित थाना में दर्ज एक मामले की जांच में शामिल होने के बदले उक्त थानेदार ने उससे 6 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर ले लिए और बाकी 4 लाख रुपए की और मांग कर रहा है। विजिलेंस विभाग पटियाला द्वारा प्राप्त सबूतों के आधार पर शिकायत की जांच पड़ताल उपरांत आरोपी थानेदार को 6 लाख रुपए रिश्वत लेने व बाकी चार लाख रुपए की मांग करने के मामले में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया और आरोपी थानेदार को हिरासत में ले लिया गया। जिसे पूछताछ हेतु माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।