Edited By Vatika,Updated: 22 Nov, 2026 08:43 AM

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइनों के दोहरीकरण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित होने जा रहा है।
जालंधर (पुनीत): लुधियाना रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइनों के दोहरीकरण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित होने जा रहा है। फिरोजपुर मंडल और अंबाला मंडल के अंतर्गत लुधियाना-फिरोजपुर कैंट तथा लुधियाना-धूरी रेलखंड पर प्री नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके चलते 22 नवंबर से लेकर जनवरी तक अलग-अलग तिथियों में कई यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में समाप्त करने, बदले हुए मार्ग से चलाने और निर्धारित समय से देरी से रवाना करने का निर्णय लिया गया है। इसका असर जालंधर से आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा।
नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सहित कई ट्रेनें रद्द
रेलवे की सूची के अनुसार 22 नवंबर, 24 नवंबर तथा दिसंबर और जनवरी की निर्धारित तिथियों में नई दिल्ली-लोहियां खास ट्रेन संख्या 22479 और 22480 रद्द रहेंगी। इसी तरह नई दिल्ली-फिरोजपुर कैंट ट्रेन संख्या 22485 और 22486 भी 23 नवंबर तथा जनवरी की कुछ निर्धारित तिथियों में नहीं चलेंगी। इसके अलावा जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन संख्या 19027 और 19028, नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा ट्रेन संख्या 22439 और 22440 भी निर्धारित तिथियों में रद्द रहेंगी। 6 से 8 जनवरी तक चंडीगढ़-अमृतसर ट्रेन संख्या 12411-12412, नंगल डैम-अमृतसर ट्रेन संख्या 14505-14506, अमृतसर-दिल्ली ट्रेन संख्या 14679-14680, अमृतसर-हरिद्वार ट्रेन संख्या 12053-12054 तथा अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट ट्रेन संख्या 14617-14618 का संचालन भी प्रभावित रहेगा। दिल्ली-जालंधर सिटी ट्रेन संख्या 14681 भी 8 जनवरी को रद्द रहेगी।
बदले हुए मार्ग से चलेंगी उक्त ट्रेनें
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है। अमृतसर-बीकानेर ट्रेन संख्या 14720 को 1 और 8 जनवरी को जालंधर सिटी, कपूरथला, लोहियां खास और फिरोजपुर कैंट के रास्ते चलाया जाएगा। इस दौरान लुधियाना, जगराओं और मोगा स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा। वहीं अजमेर-अमृतसर ट्रेन संख्या 19611 को 31 दिसंबर और 2 जनवरी को फिरोजपुर कैंट, लोहियां खास, कपूरथला और जालंधर सिटी के रास्ते चलाया जाएगा। वहीं अमृतसर-अजमेर ट्रेन संख्या 19612 को 7 जनवरी को इसी बदले हुए मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों ट्रेनों का फगवाड़ा, लुधियाना, जगराओं, मोगा और तलवंडी स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
शताब्दी सहित कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव
रेलवे ने अमृतसर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन संख्या 12926 को 6 से 8 जनवरी तक 160 मिनट, अमृतसर-कटिहार ट्रेन संख्या 15708 को 180 मिनट तथा अमृतसर-दिल्ली ट्रेन संख्या 22488 को 120 मिनट की देरी से रवाना किया जाएगा। इसके अलावा नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी ट्रेन संख्या 12029 को 6 और 8 जनवरी तथा ट्रेन संख्या 12031 को 7 जनवरी को 75 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। वहीं अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी ट्रेन संख्या 12508 भी 8 जनवरी को 120 मिनट की देरी से रवाना होगी। रेलवे की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें स्टेशन पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के उक्त ट्रेनों के समय में बदलाव हो सकता है।