Edited By Vatika,Updated: 16 Nov, 2026 12:17 PM

पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर पठानकोट शहर के डाउनटाउन इलाके के पास बंदूक की नोक पर सफे
पठानकोट (हरजिंदर गोराया): पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर पठानकोट शहर के डाउनटाउन इलाके के पास बंदूक की नोक पर सफेद महिंद्रा XUV-500 लूटने की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पठानकोट से कठुआ, सांबा और जम्मू की ओर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) जम्मू की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार, कुछ अज्ञात हथियारबंद लोगों ने बंदूक दिखाकर एक ड्राइवर से कार छीन ली। लूटी गई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर PB35AA-9902 बताया जा रहा है। सफेद रंग की यह महिंद्रा XUV-500 सीमावर्ती इलाके बमियाल के एक निवासी की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पठानकोट से कठुआ, सांबा और जम्मू तक जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। संबंधित थानों के प्रभारियों, पुलिस चौकियों और PCR टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईवे पर तैनात पुलिस टीमों को खास तौर पर सफेद रंग की XUV-500 गाड़ियों की जांच करने और किसी भी संदिग्ध वाहन को तुरंत रोकने के लिए कहा गया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को इस गाड़ी या इससे जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत PCR रियासी को सूचित करें। उधर, खुफिया एजेंसियां भी इस घटना को गंभीरता से ले रही हैं। सीमावर्ती इलाके से जुड़ी गाड़ी होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक या आतंकी गतिविधि में किया जा सकता है। नशा तस्करी से जुड़े लोगों की भूमिका की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, अभी तक इन आशंकाओं की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में सुजानपुर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने कार लूट की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और लूटी गई गाड़ी का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।