लुधियाना में छठ महापर्व के आयोजन को लेकर हंगामा, आमने-सामने हुए 2 पक्ष, फायरिंग की चर्चा से मचा हड़कंप

Edited By Kalash,Updated: 14 Nov, 2026 04:19 PM

ludhiana clash during chhath puja

ढोलेवाल स्थित गुरु अर्जुन देव नगर इलाके में शनिवार दोपहर छठ महापर्व के आयोजन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर टकराव और हंगामा हो गया।

लुधियाना (राज): ढोलेवाल स्थित गुरु अर्जुन देव नगर इलाके में शनिवार दोपहर छठ महापर्व के आयोजन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर टकराव और हंगामा हो गया। दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच शुरू हुई तीखी नोकझोंक ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। इस गहमागहमी और झड़प के बीच घटनास्थल पर हवाई फायर किए जाने की भी चर्चा जोरों पर है, हालांकि पुलिस अधिकारी अभी गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि करने से बच रहे हैं और हर पहलू से मामले की बारीकी से पड़ताल में जुटे हुए हैं।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरु अर्जुन देव नगर (बहादरी खेत) स्थित संबंधित स्थल पर प्रतिवर्ष पारंपरिक रूप से छठ महापर्व का पूजन संपन्न होता रहा है। वहीं इस वर्ष जिस खाली प्लॉट पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना था, उसके मालिक ने वहां आयोजन करने की इजाजत देने से साफ इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर बीते 48 घंटों से इलाके में अंदर ही अंदर तनाव पनप रहा था। शनिवार दोपहर जब आस्थावान लोग पूजा-अर्चना की तैयारी के लिए वहां इकट्ठा हुए, तो स्थिति बिगड़ गई। 

इसी दौरान कुछ बाहरी युवकों के मौके पर पहुंचने के बाद मामूली कहासुनी ने बड़े उपद्रव और टकराव का रूप ले लिया। इलाके में उपद्रव और झड़प की भनक लगते ही थाना डिवीजन नंबर-6 के प्रभारी पुलिस पार्टी सहित तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस की गाड़ियों के सायरन की आवाज सुनते ही हंगामा और उपद्रव मचा रहे कई शरारती तत्व घबराकर अपने वाहन घटनास्थल पर ही लावारिस छोड़कर गलियों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां लावारिस हालत में खड़ी कई मोटरसाइकिलों और स्कूटरों को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि उनके रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर उपद्रवियों तक पहुंचा जा सके।

हवाई फायर की जांच और सी.सी.टी.वी. खंगालने में जुटी पुलिस, क्षेत्र में फोर्स तैनात

फिलहाल पुलिस इस बात की गहन तफ्तीश कर रही है कि टकराव के दौरान मौके पर सचमुच गोलियां दागी गई थीं या फिर दहशत फैलाने के लिए महज अफवाह उड़ाई गई है। उपद्रवियों की शिनाख्त करने और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई तक पहुंचने के लिए आसपास के प्रतिष्ठानों व घरों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल और आसपास के संवेदनशील पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!