Edited By Kamini,Updated: 14 Nov, 2026 04:40 PM

हलवारा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड पर स्थित श्मशानघाट से रूह कंपा देने वाला और अमानवीय मामला सामने आया है।
लुधियाना/हलवारा (राज) : हलवारा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड पर स्थित श्मशानघाट से रूह कंपा देने वाला और अमानवीय मामला सामने आया है। यहां अंतिम संस्कार के महज कुछ ही घंटों बाद रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने एक 38 वर्षीय युवक के अधजले शव के साथ कथित तौर पर काला जादू और बेहद घिनौनी छेड़छाड़ की।
अगले दिन सुबह जब मृतक के परिजन धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थियां चुनने श्मशानघाट पहुंचे, तो चिता पर शव की हालत और वहां बिखरी तांत्रिक सामग्री देखकर स्तब्ध रह गए। इस घटना से न केवल पीडि़त परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि पूरे इलाके में भारी रोष और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हलवारा निवासी करीब 38 वर्षीय जगजीत सिंह ने जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सिख रीति-रिवाजों और पूरी धार्मिक मर्यादा के साथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड स्थित श्मशानघाट में उनका अंतिम संस्कार किया। शाम को चिता को मुखाग्नि देने के बाद सभी घर लौट आए थे।
आशंका जताई जा रही है कि रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात व्यक्ति श्मशानघाट में दाखिल हुए और जलती व बुझती चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए तांत्रिक क्रिया को अंजाम दिया। अगले दिन सुबह जब परिजन श्रद्धांजलि देने और फूल चुनने की रस्म के लिए श्मशानघाट पहुंचे, तो चिता का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने बेहद क्रूरता दिखाते हुए चिता पर रखे अधजले शव का सिर धड़ से पूरी तरह अलग कर दिया था। इतना ही नहीं, शव के एक हिस्से के पास किसी अज्ञात महिला और कुछ अन्य व्यक्तियों की तस्वीरें रखी गई थीं। माना जा रहा है कि किसी कथित टोटके या विशेष मकसद के तहत मृतक के अवशेषों के साथ इन तस्वीरों को जोड़ा गया था।

श्मशानघाट में चिता के आसपास तांत्रिक अनुष्ठान से जुड़ी कई खौफनाक वस्तुएं सजाई गई थीं, जिनमें मौके पर एक खून से सनी हुई गुड़िया पड़ी मिली, जिसके गले में लोहे की भारी जंजीर लपेटकर उस पर बकायदा ताला लगाया गया था। चिता के नजदीक शराब की बोतलें, जलते हुए दीपक तथा सब्जी और रोटी एक खास क्रम में रखी हुई मिली। घटनास्थल की जांच के दौरान परिजनों के हाथ एक बेहद अहम सुराग लगा है। मौके से एक नामी फोटो स्टूडियो का लिफाफा बरामद हुआ है। परिवार का दावा है कि इसी लिफाफे और वहां मिली तस्वीरों के आधार पर उन्हें कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। पीड़ित परिवार ने इस पूरी वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की प्रबल आशंका जताई है। परिवार को संदेह है कि एक महिला सहित कुछ स्थानीय या बाहरी व्यक्तियों ने किसी कथित तांत्रिक के साथ मिलकर रंजिश निकालने या अंधविश्वास के चलते मृतक के शव का अपमान किया है।
मृतक के शव के साथ हुई इस अमानवीय हरकत से आक्रोशित परिवार ने हलवारा के सरपंच सुखविंदर सिंह को साथ लेकर थाना सुधार में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। परिजनों का कहना है कि मौत के बाद भी हर इंसान को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन आरोपियों ने अंतिम संस्कार की पवित्रता को तार-तार कर दिया है। शिकायत मिलते ही थाना सुधार की पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने मौके से बरामद संदिग्ध सामग्री, फोटो स्टूडियो के लिफाफे और परिजनों के बयानों को जांच का आधार बनाते हुए उन संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिन पर परिवार ने शक जताया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here