Edited By Urmila,Updated: 13 Nov, 2026 10:52 AM

पंजाब में आम आदमी पार्टी के टिकट बंटवारे के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में आम आदमी पार्टी के टिकट बंटवारे के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। चमकौर साहिब से मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह की टिकट काटकर पार्टी ने इस बार जसबीर सिंह गढ़ी को चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी के इस फैसले से विधायक की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है।
टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने दो-टूक कहा है कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे। हालांकि, वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, इस पर उन्होंने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। AAP छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें थोड़ा समय दिया जाए। उनके साथ पिछले 35 साल से जुड़े लोग हैं और उनसे सलाह-मशविरा करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर भी विधायक ने दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस बारे में भी अपने साथियों से बातचीत करनी होगी, क्योंकि इतना बड़ा राजनीतिक फैसला अकेले नहीं लिया जा सकता। फिलहाल वह आम आदमी पार्टी को समय देना चाहते हैं।
विधायक ने टिकट वितरण के तरीके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि वह पिछले 12 साल से पार्टी के साथ जुड़े हैं और हर चुनाव में पूरी ताकत से काम किया है। उन्होंने अकाली दल के नेताओं के उदाहरण देते हुए कहा कि कई नेताओं को लगातार हार के बावजूद दोबारा टिकट दिया गया और उन्होंने बाद में जीत हासिल की। ऐसे में पार्टी को वफादार कार्यकर्ताओं को भी मौका देना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाओं को उन्होंने साफ तौर पर खारिज कर दिया। उन्होंने कांग्रेस को पंजाब का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए कहा कि वह इस पार्टी में कभी नहीं जाएंगे। दूसरी तरफ, नशे के खिलाफ चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल रैली को काले झंडे दिखाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि नशे के खिलाफ कोई भी व्यक्ति प्रयास करता है तो उसका स्वागत होना चाहिए, न कि उसका विरोध।
सर्वे के आधार पर टिकट काटे जाने के सवाल पर भी डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सर्वे ही टिकट का आधार है तो क्या पार्टी के सभी 117 उम्मीदवार चुनाव जीतने की गारंटी रखते हैं? फिलहाल विधायक ने अपने अगले राजनीतिक कदम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उनके बयानों से साफ है कि चमकौर साहिब की सियासत में आने वाले दिनों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here