Edited By Kamini,Updated: 12 Apr, 2025 04:16 PM

मिनस्ट्री ऑफ ट्रांसपोर्ट और हाईवे द्वारा पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब से टोल प्लाजा बंद होने के कारण हुए नुकसान को लेकर केंद्र सरकार वसूली करने जा रही है। पंजाब सरकार द्वारा नेशनल हाईवे (NH) पर टोल प्लाजा बंद करने वाले प्रदर्शनकारियों से निपटने में असमर्थता उसे महंगी पड़ सकती है। जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को पत्र लिखा है।
मिनस्ट्री ऑफ ट्रांसपोर्ट और हाईवे द्वारा पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि, टोल प्लाजा बंद होने से 1638.85 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पंजाब में अक्तूबर 2020 से नवंबर 2024 तक प्रदर्शनकारियों द्वारा टोल प्लाजा बंद करने के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य के मुख्य सचिव के.एपी सिन्हा को लिखे पत्र में सचिव वी उमाशंकर ने कहा है कि, इससे एक समस्या पैदा हो गई है कि भारतीय नेशनल हाईवे प्राधिकरण (NHAI) को टोल संग्रह एजेंसियों को उनके नुकसान की भरपाई करनी होगी, जो राज्य से वसूला जा सकता है। केंद्र ने राज्य सरकार से टोल प्लाजा बंद होने से हुए नुकसान की भरपाई करने को कहा है।
गौरतलब है कि, उक्त नुकसान राज्य में किसान यूनियनों द्वारा लगाए गए धरनों के कारण हुआ है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा का कहना है कि, टोल प्लाजा किसानों के केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन करने के कारण बंद किए गए हैं, न कि राज्य के खिलाफ। राज्य सरकार को नुकसान क्यों उठाना चाहिए? केंद्र को NHAI द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। वहीं बताया जा रहा है कि, राज्य के मुख्य सचिव को लिखे गए पत्र में राज्य सरकार को याद दिलाया गया है कि NHAI ने नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के कई काम किए हैं।
नेशनल हाईवे के विकास से विकास से प्राप्त GST योगदान के माध्यम से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मदद मिलेगी। इसलिए ही टोल प्लाजा बंद होने से हो रहे नुकसान के लिए मुआवजे की मांग बनती है। अक्तूबर 2020-दिसंबर 2021 साल भर चलने वाले किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान के दौरान 1,348.77 करोड़ रुपये, वर्ष 2022-23 में 41.83 करोड़ रुपये, जनवरी-जुलाई 2024 तक 179.10 करोड़ रुपये और अक्तूबर-नवंबर 2024 तक 69.15 करोड़ रुपये नुकसान हुआ है। हाल ही में 17 अक्टूबर से 13 नवंबर 2024 तक 24 टोल प्लाजा निष्क्रिय रहे और हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही इन टोल प्लाजा को चालू किया जा सका।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here