Edited By Vatika,Updated: 01 May, 2026 08:58 AM

औद्योगिक नगरी के खासी कलां इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही कॉलोनी के चार
लुधियाना(राज): औद्योगिक नगरी के खासी कलां इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही कॉलोनी के चार मासूम बच्चे अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। लापता होने वालों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चों को निजी स्वार्थ के लिए बंधक बनाकर रखने या अगवा करने की आशंका जताई है, जिसके बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ितों ने खटखटाया पुलिस का दरवाजा
जानकारी के मुताबिक, मनीषा (13) और उसकी बड़ी बहन नेहा (15) बीते 29 अप्रैल को सुबह घर से सरकारी स्कूल खासी कलां में पढ़ने के लिए निकली थीं। लेकिन शाम ढलने तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। पता करने पर मालूम हुआ कि वे उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। मामला तब और गंभीर हो गया जब पता चला कि उसी कॉलोनी में रहने वाली एक अन्य लड़की सुहानी (14) और 10 वर्षीय मासूम सोहिल भी उसी समय से लापता हैं। एक साथ चार बच्चों के गायब होने की खबर आग की तरह फैल गई। परिजनों ने अपने स्तर पर बच्चों की हर संभावित जगह, रिश्तेदारियों और जान-पहचान वालों के पास काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। परेशान होकर पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में शक जताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चों को बहला-फुसलाकर या डरा-धमकाकर अपनी अवैध हिरासत में कहीं छिपा कर रखा है। थाना जमालपुर की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत शिकायत दर्ज कर ली है और बच्चों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक साथ चार बच्चों का रहस्यमयी तरीके से गायब होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है, वहीं मासूमों के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।