Edited By Kamini,Updated: 18 Feb, 2026 03:01 PM

शातिर लुटेरों द्वारा आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को लूट का शिकार बनाया जा रहा है।
मोगा: शातिर लुटेरों द्वारा आए दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को लूट का शिकार बनाया जा रहा है। अब मोगा में नकली पुलिस बनकर लूटपाट करने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार मोगा-बाघापुरान रोड स्थित एक धार्मिक डेरे के मुख्य सेवादार असलम खान ने खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले अज्ञात लोगों पर अपहरण और लूट के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना 31 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जिसका जिक्र सेवादार ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में भी किया है।
असलम खान के अनुसार, वह चंदपुराना गांव से स्कूटी पर बाघापुराना लौट रहा था, तभी रास्ते में एक कार सवार 3 व्यक्तियों ने उन्हें रोका, जोकि पुलिस वर्ती में थे और उनमें से एक ने अपना चेहरा ढका हुआ था। पहले उनसे वाहन के कागजात मांगे गए और फिर जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया।
जान से मारने की धमकी, नकदी व सामान छीनने का आरोप
सेवादार का आरोप है कि आरोपी उन्हें सुनसान इलाके में ले गए, जहां धमकाते हुए उनसे 25 हजार रुपये नकदी, 2 मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और अन्य सामान छीन लिया। साथ ही उनकी एक्टिवा भी लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद उसे वहीं छोड़ दिया गया। घटना के बाद असलम खान ने डेरे के प्रधान को जानकारी दी और फिर थाना बाघापुराना में लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में थाना बाघापुराना के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here