Edited By Subhash Kapoor,Updated: 12 Dec, 2023 05:39 PM
स्थानीय बटाला रोड़ पर अम्बेदकर नगर के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक पार्टी द्वारा दूसरी पार्टी पर फायरिंग करने की सूचना है।
गुरदासपुर (विनोद): स्थानीय बटाला रोड़ पर अम्बेदकर नगर के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक पार्टी द्वारा दूसरी पार्टी पर फायरिंग करने की सूचना है। घटना दौरान फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आरोपियों ने पिस्तौल से 5 फायर किए, परंतु दोनो ही पक्ष एक दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं।
इस संबंधी हरदेव सिंह पुत्र लखविन्द्र सिंह निवासी गुरदासपुर ने बताया कि उनकी अम्बेदकर नगर के पास वर्कशाप है। आज दोपहर बाद वह वर्कशाप पर उपस्थित था कि सैनिक लवप्रीत सिंह उर्फ फौजी निवासी अम्बेदकर नगर हमारी वर्कशाप के बाहर आया तथा उसके साथ 10-12 ओर लोग भी थे। सभी ने अपने मुंह रूमालों से बांध रखे थे। लवप्रीत सिंह ने आते ही अपनी पिस्तौल से हम पर फायरिंग शुरू कर दी, पंरतु हम किसी तरह से बच गए। आरोपी फायरिंग करने के बाद वहां से भागने में सफल हो गए। फायरिंग की घटना के चलते ईलाके में दहशत का वातावरण पाया जा रहा है।
वही दूसरी पार्टी सैनिक लवप्रीत सिंह सैनिक के पिता दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि यह फायरिंग उसके बेटे लवप्रीत सिंह ने नहीं, बल्कि हरदेव सिंह आदि ने की है। दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि उसका बेटा छुट्टी पर आया हुआ है तथा हरदेव सिंह आदि मेरे बेटे को धमकिया दे रहे हैं तथा मोबाईल कर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। हमारे पास किसी तरह का कौई हथियार नही है। डी.एस.पी. सिटी सुखपाल सिंह ने बताया कि इस संबंधी दोनों पक्षों के ब्यान लिए जा रहे हैं तथा जो भी आरोपी होगा उसके विरुद्ध सख्त कारवाई की जाएगी।