Edited By Vatika,Updated: 06 Oct, 2026 03:55 PM

अमृतसर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा
अमृतसर: अमृतसर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें तीन निहंग सिंह एक युवक को अपने बीच खड़ा कर उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। करीब 20 सेकंड की इस वीडियो में दो निहंग युवक के दोनों हाथ पकड़कर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरा निहंग उसे डंडे से पीटता नजर आ रहा है। इसके बाद हाथ पकड़कर खड़े दोनों निहंग भी युवक को थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।
नशा बेचने की सूचना उन्हें और उनके साथी निहंगों को मिली
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दशमेश तरना दल के निहंग गुरदीप सिंह के सोशल मीडिया पेज से अपलोड की गई है। वीडियो को लेकर निहंग गुरदीप सिंह का कहना है कि जिस युवक की पिटाई की गई, उसके नशा बेचने की सूचना उन्हें और उनके साथी निहंगों को मिली थी। उनके मुताबिक, अमृतसर के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने गुप्त रूप से यह जानकारी दी थी। इसके बाद निहंगों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की। निहंग गुरदीप सिंह ने बताया कि वीडियो अमृतसर के किसी गांव की है, लेकिन उन्होंने गांव का नाम बताने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि लोग उन्हें कई मामलों को लेकर गुप्त जानकारी देते हैं और सूचना देने वालों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
संगत और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए किया जागरूक
उन्होंने बताया कि दशमेश तरना दल की ओर से मौजूदा प्रमुख निहंग मेजर सिंह सोढ़ी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव जाकर संगत और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उनका कहना है कि नशा करने वालों को समझाकर दोबारा सामान्य जीवन की ओर लाने की कोशिश की जाती है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और उसके नशा बेचने के आरोपों की पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।