लुधियाना की बदलने वाली है तस्वीर! सोमवार से महाभियान होगा शुरू

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 06 Jun, 2026 12:00 AM

municipal corporation s mega drive to spruce up ludhiana

महानगर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम सोमवार से एक व्यापक और विशाल सफाई अभियान शुरू करने जा रहा है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस की रहनुमाई में और नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के नेतृत्व में इस मेगा ड्राइव का खाका...

लुधियाना, (राज): महानगर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम सोमवार से एक व्यापक और विशाल सफाई अभियान शुरू करने जा रहा है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस की रहनुमाई में और नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के नेतृत्व में इस मेगा ड्राइव का खाका तैयार कर लिया गया है। शहर की सूरत बदलने के लिए की गई इस बड़ी पहल के तहत पूरे महानगर को 10-10 किलोमीटर लंबे हिस्सों में बांटा जाएगा। इस तय रूट पर मलबे, सीवरेज और कूड़े-कचरे को हटाने की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम के एक विशेष रूप से नियुक्त अधिकारी की होगी।

इस महा-अभियान को अमलीजामा पहनाने और इसकी रूपरेखा तय करने के लिए नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने शुक्रवार को निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की। बैठक के दौरान उन्होंने दो-टूक शब्दों में कड़े निर्देश जारी किए कि सफाई के काम में किसी भी स्तर पर ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा गया है। वहीं, सभी जोਨਲ कमिश्नरों को हिदायत दी गई है कि वे अपने-अपने इलाकों में पैनी नजर रखें। इस पूरी सफाई मुहिम के ओवरऑल इंचार्ज संयुक्त कमिश्नर विनीत कुमार होंगे, जो सभी कार्यों की निगरानी करेंगे। निगम कमिश्नर डॉ. गुप्ता ने सख्त लहजे में कहा कि वह खुद सीनियर अधिकारियों के साथ आने वाले दिनों में जमीनी हकीकत जानने के लिए शहर का औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) करेंगी। अगर चेकिंग के दौरान किसी भी निर्धारित रूट या इलाके में गंदगी या कोई अन्य अनियमितता पाई गई, तो इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

कमिश्नर ने आगे बताया कि नगर निगम का मुख्य ध्यान आगामी मानसून सीजन की तैयारियों पर भी केंद्रित है। इसके लिए निचले इलाकों और विशेष रूप से बुड्ढे नाले (बुड्ढा दरिया) के आस-पास के संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव को रोकने के लिए पहले से ही पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दे दिए गए हैं। डॉ. गुप्ता ने लुधियाना के निवासियों से भी भावुक अपील की है कि वे खुले स्थानों, सड़कों या खाली प्लॉटों में कचरा फेंकने की बजाय उसे निर्धारित डंप पर ही डालें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में निगम प्रशासन का पूरा साथ दें।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!