Edited By Subhash Kapoor,Updated: 07 Feb, 2026 08:01 PM

आम आदमी पार्टी के नेता और अरविंद केजरीवाल के सलाहकार दीपक बाली को एक शर्मनाक और तनावपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ा, जब आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराए के अंतिम संस्कार के मौके पर इकट्ठे लोगों और रिश्तेदारों ने उनका जमकर विरोध किया।
जालंधर : आम आदमी पार्टी के नेता और अरविंद केजरीवाल के सलाहकार दीपक बाली को एक शर्मनाक और तनावपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ा, जब आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराए के अंतिम संस्कार के मौके पर इकट्ठे लोगों और रिश्तेदारों ने उनका जमकर विरोध किया।
हालात तब और अधिक तनावपूर्ण हो गए, जब यह देखा गया कि ‘आप’ नेता दीपक बाली के पास लक्की ओबराए से जुड़े सवालों का कोई ठोस जवाब नहीं था। लोगों द्वारा किए गए विरोध के सामने दीपक बाली बेबस नजर आए और उन्होंने हाथ जोड़े चुपचाप वहां से निकलना ही बेहतर समझा।
लक्की ओबराए के अंतिम संस्कार के मौके पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर काफी रोष देखा गया कि नेता सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने के लिए इंटरव्यू दे रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार के लिए उनके पास कोई ठोस जवाब या मदद की पेशकश नहीं थी। इस घटना की वीडियो और चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें लोगों ने ‘आप’ नेता का विरोध करते हुए उन्हें बाहर निकाल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक बाली अंतिम संस्कार स्थल पर खड़े होकर मीडिया को इंटरव्यू दे रहे थे, इसी दौरान लक्की ओबराए के रिश्तेदारों ने उन्हें घेर लिया। गुस्साए रिश्तेदारों ने ‘आप’ नेता को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि सिर्फ खबरें लगवाने से कुछ नहीं होगा, बल्कि कुछ वास्तविक काम करके दिखाओ।