Edited By Vatika,Updated: 12 Feb, 2026 11:55 AM

शहर के चर्चित लकी ओबरॉय हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) से ....
जालंधर (मृदुल): शहर के चर्चित लकी ओबरॉय हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार डर और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।
परिवार की ओर से डी.पी.पी. को दिए गए लिखित आवेदन में कहा गया है कि लकी ओबेरॉय की हत्या के बाद से केस से जुड़े अहम गवाहों और परिजनों को निशाना बनाया जा रहा है। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोग मामले को कमजोर करने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि असली आरोपियों को बचाया जा सके। परिजनों के मुताबिक उन्हें देश और विदेश से धमकी भरे फोन कॉल्स मिल रहे हैं, जिनमें केस को आगे न बढ़ाने और चुप रहने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई तो किसी भी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
डी.जी.पी. को दिए पत्र में यह भी कहा गया है कि स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से परिवार पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और उन्हें आशंका है कि जांच प्रभावित की जा रही है। इसलिए परिवार ने मांग की कि केस की निगरानी वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाए और परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। परिजनों ने यह भी मांग की कि लकी ओबरॉय मर्डर केस की जांच को और तेज किया जाए, सभी नामजद और संदिग्ध आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए तथा मामले से जुड़े कॉल डिटेल्स, विदेशी नंबरों और डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच करवाई जाए। परिवार का कहना है कि उनका एकमात्र मकसद लकी ओबरॉय के लिए इंसाफ है और इसके लिए वे किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, वे चैन से नहीं बैठेंगे।