Edited By Kalash,Updated: 14 Mar, 2026 12:30 PM

गोनियाना मंडी इलाके में चल रही घरेलू गैस एजेंसियों पर गंभीर आरोप हैं कि वे आम लोगों को “शॉर्टेज” और के.वाई.सी. कार्रवाई का डर दिखाकर खुलेआम ब्लैकमेल कर रही हैं।
गोनियाना (गोरालाल): गोनियाना मंडी इलाके में चल रही घरेलू गैस एजेंसियों पर गंभीर आरोप हैं कि वे आम लोगों को “शॉर्टेज” और के.वाई.सी. कार्रवाई का डर दिखाकर खुलेआम ब्लैकमेल कर रही हैं। शहर और आस-पास के गांवों के कई उपभोगताओं ने बताया कि गैस एजेंसी उन्हें गैस पाइप खरीदने के लिए मजबूर कर रही है, जिसकी कीमत करीब 190 रुपए बताई जा रही है। उपभोगताओं का कहना है कि अगर कोई कस्टमर पाइप लेने से मना करता है, तो उसे यह कहकर डराया जाता है कि उसका के.वाई.सी. पूरा नहीं है या उसका सिलेंडर बंद किया जा सकता है। लोगों का आरोप है कि यह सारी कार्रवाई सिर्फ उनसे गैर-कानूनी पैसा वसूलने के लिए की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर घर तक पहुंचाने का रेट 952 रुपए तय किया है, लेकिन गोनियाना मंडी में कई एजेंसियां 952 की जगह 960 रुपये वसूल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि अगर कोई ग्राहक खुद एजेंसी के गोदाम पर जाकर सिलेंडर ले भी आता है तो उससे 960 रुपये ही लिए जा रहे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि जो पाइप उन्हें जबरदस्ती दिए जा रहे हैं, उनका कोई बिल भी नहीं बनाया जा रहा है। इससे शक हो रहा है कि एजेंसियां सरकार को टैक्स या जी.एस.टी. का चूना भी लगा रही हैं। इलाके के लोगों का कहना है कि यह सब खुलेआम होने के बावजूद संबंधित विभाग आंखें मूंदकर बैठा है। कई बार मीडिया में खबरें आने के बावजूद सही कार्रवाई न होने से विभाग की परफॉर्मेंस पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here