Edited By Vatika,Updated: 22 Nov, 2026 09:17 AM

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक नशा तस्करी की कोशिशों को रोकने के लिए चलाए जा रहे सर्च
कलानौर/गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक नशा तस्करी की कोशिशों को रोकने के लिए चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान BSF को बड़ी सफलता मिली है। 27वीं बटालियन के जवानों ने गांव धींदोवाल के खेतों से एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया है। जांच करने पर उसमें से 1 किलो 13 ग्राम हेरोइन मिली।
जानकारी के अनुसार, BSF की 27वीं बटालियन के जवान BOP चंदू वडाला के अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान कलानौर के नजदीकी गांव धींदोवाल के खेतों में जवानों को एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। जब उसे खोलकर जांच की गई तो उसमें हेरोइन बरामद हुई। हेरोइन मिलने के बाद BSF और कलानौर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं आसपास कोई अन्य संदिग्ध वस्तु या नशीले पदार्थ की खेप तो मौजूद नहीं है।
इसके साथ ही बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किन तस्करों का हाथ है, इस संबंध में भी जांच की जा रही है। फिलहाल सीमावर्ती क्षेत्र में BSF और पुलिस का संयुक्त तलाशी अभियान जारी है।