Edited By Vatika,Updated: 22 Nov, 2026 09:08 AM

महानगर में इंसानियत और बेजुबान पक्षियों की जान के लिए खतरा बनी प्रतिबंधित प्लास्टिक डोर
लुधियाना (राज): महानगर में इंसानियत और बेजुबान पक्षियों की जान के लिए खतरा बनी प्रतिबंधित प्लास्टिक डोर (चाइना डोर) की बिक्री और भंडारण के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए जैमल सिंह रोड स्थित तिकोनी पार्क के नजदीक एक युवक को काबू कर उसके कब्जे से 192 गट्टू प्रतिबंधित प्लास्टिक चाइना डोर बरामद की है। पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 21 नवंबर को सहायक थानेदार दर्शन सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ थाना क्षेत्र के इलाके में गश्त कर रहे थे।.इसी दौरान पुलिस पार्टी को मुखबिर खास से गुप्त सूचना मिली कि आरोपी राहुल प्रतिबंधित 'चाइना डोर' बेचने का नाजायज धंधा करता है और इस समय जैमल सिंह रोड पर तिकोनी पार्क के नजदीक खड़ा है।
सूचना मिलते ही ए.एस.आई. दर्शन सिंह ने पुलिस टीम सहित तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी और मौके पर खड़े आरोपी राहुल को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 192 गट्टू प्रतिबंधित प्लास्टिक चाइना डोर बरामद की। संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ सरकारी आदेशों की उल्लंघना और प्रतिबंधित डोर बेचने की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इतनी बड़ी मात्रा में चाइना डोर की खेप कहां से खरीदकर लाया था और शहर में किन-किन दुकानदारों या ग्राहकों को सप्लाई करने वाला था।