विदेश में बैठे गैंग/स्टर ने डेयरी संचालक की दुकान पर करवाई Firing, इलाके में दहशत का माहौल

Edited By Kamini,Updated: 13 Nov, 2026 05:06 PM

firing at the dairy operator shop

पंजाब में कारोबारियों को फिरौती के लिए धमकाने और मांग पूरी नहीं होने पर गोलियां चलवाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब में कारोबारियों को फिरौती के लिए धमकाने और मांग पूरी नहीं होने पर गोलियां चलवाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जिले के भगता भाईका से सामने आया है, जहां विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की कथित फिरौती की मांग ठुकराना एक डेयरी संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि फिरौती नहीं मिलने पर गैंगस्टर ने अपने गुर्गों के जरिए उसकी दुकान पर गोलियां चलवा दीं।

दीपावली के 2 दिन बाद 10 नवंबर की रात को हुई इस वारदात ने इलाके के व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक पर सवार होकर पहुंचे 2 युवकों ने दुकान के शीशों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि आरोपी वारदात में जिस बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे, उसे भी उन्होंने पहले किसी व्यक्ति से हथियारों की नोक पर छीना था।

फिरौती की मांग ठुकराने पर रची गई फायरिंग की साजिश

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से विदेश में बैठे एक गैंगस्टर द्वारा भगता भाईका के डेयरी संचालक से भारी-भरकम फिरौती की मांग की जा रही थी। कारोबारी ने कथित तौर पर फिरौती देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे सबक सिखाने के लिए 10 नवंबर की रात को 2 युवकों ने उसकी दुकान को निशाना बनाया। बाइक पर पहुंचे हमलावरों ने दुकान के शीशों पर लगातार गोलियां बरसाईं और कुछ ही पलों में घटनास्थल से फरार हो गए।

पहले बाइक छीनी, फिर उसी से पहुंचकर की फायरिंग

इस वारदात में आरोपियों की पूरी योजना भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, फायरिंग करने वाले दोनों युवकों ने वारदात से पहले किसी अन्य स्थान पर हथियारों के बल पर एक व्यक्ति से बाइक छीनी थी। इसी लूटी गई बाइक पर सवार होकर दोनों हमलावर डेयरी संचालक की दुकान तक पहुंचे और गोलियां चलाने के बाद फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी बाइक को किसी सुनसान जगह पर छोड़कर भाग निकले।

पुलिस ने बरामद की लूटी गई बाइक, मालिक से पूछताछ में हुआ खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों द्वारा छोड़ी गई बाइक बरामद कर ली। जब पुलिस ने बाइक के मालिक से संपर्क कर पूछताछ की तो पता चला कि वारदात वाली रात दो युवकों ने हथियारों की नोक पर उससे बाइक छीनी थी। अब पुलिस इस कड़ी के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, CIA समेत कई टीमें जुटीं

दुकान पर हुई फायरिंग की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। सीआईए सहित पुलिस की अलग-अलग टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात के पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर की क्या भूमिका है और स्थानीय स्तर पर आरोपियों की मदद किसने की।

गैंगस्टरों के निशाने पर कारोबारी, इलाके के व्यापारियों में दहशत

दीपावली जैसे बड़े त्योहार के ठीक दो दिन बाद हुई इस फायरिंग ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिन-रात मेहनत कर कारोबार चलाने वाले व्यापारी अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय स्तर पर बड़े कारोबारियों में भय का माहौल है। लोगों का सवाल है कि यदि फिरौती की मांग पूरी नहीं करने पर सरेआम दुकानों पर गोलियां चलवाई जा सकती हैं तो आम कारोबारी खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे?

डेयरी संचालक को पुलिस सुरक्षा, जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से डेयरी संचालक को सुरक्षा मुहैया करवाई गई है। एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!