Edited By Urmila,Updated: 15 Jul, 2026 02:19 PM

हाजीपुर में ए.टी.एम. से रुपये निकलवाने गए एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है।
हाजीपुर (जोशी): हाजीपुर में ए.टी.एम. से रुपये निकलवाने गए एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ए.टी.एम. केबिन में पहले से मौजूद एक शातिर युवक ने मदद के बहाने पीड़ित का ए.टी.एम. कार्ड बदल दिया और उनके खाते से 50 हजार रुपये उड़ा लिए। पंजाब केसरी के साथ बड़े दुखी मन से बातचीत करते हुए पीड़ित प्यारा सिंह निवासी गांव संधावाल ने अपनी आपबीती सुनाई।
उन्होंने बताया कि वह 13 जुलाई को हाजीपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ए.टी.एम. से रुपये निकलवाने आए थे। ए.टी.एम. मशीन ठीक से न चला पाने के कारण उन्होंने केबिन में पहले से खड़े एक अज्ञात लड़के से मदद मांगी और अपना कार्ड उसे दे दिया। शातिर लड़के ने चालाकी से प्यारा सिंह का पिन देख लिया और नजर बचाकर उनका असली ए.टी.एम. कार्ड बदलकर उसकी जगह दूसरा फर्जी कार्ड उन्हें थमा दिया। पीड़ित को इस बात की भनक तक नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने 13 और 14 जुलाई को अलग-अलग किस्तों में प्यारा सिंह के खाते से कुल 50 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से पैसे कटने का पता चलने पर पीड़ित के होश उड़ गए।
पीड़ित प्यारा सिंह ने पुलिस प्रशासन और साइबर क्राइम विभाग से गुहार लगाई है कि 13 जुलाई की एस.बी.आई. ए.टी.एम. की सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली जाए, ताकि उस ठग की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। उन्होंने प्रशासन से हाजीपुर में आए दिन ए.टी.एम. में हो रही इस तरह की ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की भी मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here