Edited By Kalash,Updated: 22 Feb, 2026 06:04 PM

रेलगाड़ी द्वारा बिहार से बठिंडा पहुंचे एक युवक से एक ई-रिक्शा चालक व उसके साथी ने डरा धमकाकर मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये की नकदी लूट ली व फरार हो गए।
बठिंडा (परमिंद्र): रविवार सुबह रेलगाड़ी द्वारा बिहार से बठिंडा पहुंचे एक युवक से एक ई-रिक्शा चालक व उसके साथी ने डरा धमकाकर मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये की नकदी लूट ली व फरार हो गए। युवक ने बताया कि पुलिस ने भी उसकी बात नहीं सुनी बल्कि उल्टा उसे ही चोरों को पकड़कर लेकर आने को कह दिया। रविवार को रेलगाड़ी के माध्यम से बठिंडा पहुंचे नितिश कुमार नौजवान वैल्फेयर सोसायटी के प्रधान सोनू माहेश्वरी के पास पहुंचे व अपनी व्यथा बयान की। उसने बताया कि वह सुबह ट्रेन से उतरकर रेलवे स्टेशन के बाहर आया तो वहां उसे एक ई-रिक्शा चालक मिला। उसने बताया कि उसे बठिंडा से आगे जाना था लेकिन ई-रिक्शा चालक ने उसे कहा कि अब कोई रेलगाड़ी नहीं जाएगी व वह बस से आगे जा सकता है। इस लिए वह उसे ऑटो में बिठाकर बस स्टैंड की ओर ले जाने लगा।
इस दौरान ऑटो चालक का एक अन्य साथी भी उसके साथ सवार हो गया। उक्त दोनों उसे संकरी गलियों में ले गए व वहां पर उसे डरा धमकाकर उसका मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये की नकदी छीन ली। बाद में आरोपी फरार हो गए। उसने बताया कि वह जब बस स्टैंड चौकी में शिकायत दर्ज करवाने गया तो पुलिस ने भी उसकी बात नहीं सुनी। उसने बताया कि एक पुलिस वाले ने उसे अपना मोबाइल नंबर दे दिया व वापिस रेलवे स्टेशन जाकर उक्त ऑटो चालक को ढूंढने तथा उसे फोन करने को कहा। इस बारे में नौजवान वैल्फेयर सोसायटी के अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी ने बताया कि कानून व्यवस्था की बुरी हालत हो चुकी है। शहर के बाहरी हिस्सों के बजाय अब शहर के बीचों-बीच लोगों को लूटा जा रहा है लेकिन पुलिस प्रशासन कुछ नहीं कर रहा। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मांग की कि जल्द से जल्द इस प्रकार के लुटेरों को गिरफ्तार करके लोगों को राहत प्रदान की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here