Edited By Urmila,Updated: 10 Oct, 2026 01:40 PM

जिला प्रशासन की ओर से नशों पर काबू करने के लिए आपत्तिजनक दवाइयां न बिक्री करने के समय-समय पर आदेश जारी किए जा रहे हैं।
मोगा (संदीप शर्मा) : जिला प्रशासन की ओर से नशों पर काबू करने के लिए आपत्तिजनक दवाइयां न बिक्री करने के समय-समय पर आदेश जारी किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भी कुछ मेडिकल स्टोर संचालक इन आदेशों की परवाह किए बगैर धड़ल्ले से यह दवाइयां बेच रहे हैं।
इस मामले में आज गुप्त सूचना के आधार पर ड्रग इंस्पैक्टर मोगा ब्लॉक-2 रवि गुप्ता की ओर से पुलिस अधिकारियों डी.एस.पी सिटी और पुलिस टीम के साथ स्थानीय निगाहा रोड पर स्थित बरकत मेडिकोज पर छापामारी की। इस दौरान टीम की ओर से मेडिकल स्टोर से 50 कैप्सूल प्रैगाबालीन-300 के इलावा प्रैगाबेलीन-75 और अन्य कई आपत्तिजनक दवाइयां बरामद की।
इस संबंधी जानकारी देते हुए ड्रग इंस्पैक्टर रवि गुप्ता ने बताया कि उक्त मेडिकल स्टोर संचालक से जब इन दवाइयां के बिल मांगे गए तो वह उनके बिल देने में भी असमर्थ रहा। ड्रग इंस्पैक्टर ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया की ओर से समय-समय पर प्रैस द्वारा सभी मेडिकल स्टोर्स संचालकों को अपील की जाती है कि वह प्रेगाबलीन-300 या किसी भी आपत्तिजनक दवाइयां की बिक्री अपने मेडिकल स्टोर पर न करें, लेकिन इसके बावजूद भी कुछ लोग इन आदेशों की परवाह नहीं करते जिसको देखते हुए उनकी ओर से आज पुलिस अधिकारियों की टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि दवाइयां को कब्जे में ले लिया गया है और उक्त मेडिकल स्टोर को उनकी ओर से सील कर दिया गया है। इसके साथ-साथ इस संबंधी विस्तारपूर्वक जानकारी जोनल ड्रग अथॉरिटी फिरोजपुर और चंडीगढ़ को भी अगली कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। ड्रग इंस्पैक्टर रवि गुप्ता ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की कि वे कोई भी आपत्तिजनक दवाइयां न बेचें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों को विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here