Edited By Vatika,Updated: 02 Jun, 2026 12:00 PM

पंजाब के बठिंडा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों में उलझे एक युवक
बठिंडा (विजय वर्मा ): पंजाब के बठिंडा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों में उलझे एक युवक ने कथित मानसिक प्रताड़ना और लाखों रुपये की ठगी से परेशान होकर अपनी कार को आग लगाने के बाद जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए अपनी प्रेमिका और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लिव-इन रिलेशनशिप में था चरणप्रीत सिंह
जानकारी के अनुसार फूस मंडी निवासी 30 वर्षीय चरणप्रीत सिंह पिछले करीब चार वर्षों से बरनाला की एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। परिवार के आरोप हैं कि चरणप्रीत ने महिला की बेटी को विदेश भेजने के लिए करीब साढ़े चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन बाद में न तो पैसे लौटाए गए और न ही कोई समाधान निकला। उल्टा युवक पर घर छोड़ने का दबाव बनाया जाने लगा और उसे लगातार परेशान किया गया। मृतक के भाई के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले चरणप्रीत ने उससे मिलकर अपनी परेशानी साझा की थी। उसने बताया था कि कुछ लोग उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और उसकी जिंदगी मुश्किल बना दी गई है। इसके बाद वह अपने ननिहाल क्षेत्र चला गया।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
अगले दिन परिवार के मोबाइल पर एक वीडियो पहुंची, जिसमें चरणप्रीत पहले अपनी कार को आग के हवाले करता दिखाई दिया और फिर जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वीडियो में उसने साफ तौर पर कुछ लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और मृतक के भाई के बयान के आधार पर महिला, उसके बेटे, मां और बहन समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि प्रेम संबंधों में आर्थिक लेन-देन और आपसी विवाद किस हद तक लोगों को मानसिक दबाव में धकेल सकते हैं। पुलिस अब वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।