बरनाला में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए प्रशासन सख्त, दिशा-निर्देश जारी

Edited By Kalash,Updated: 15 Feb, 2026 05:52 PM

barnala traffic problem

बरनाला शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ती ट्रैफिक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) बरनाला, हरप्रीत सिंह द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): बरनाला शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ती ट्रैफिक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) बरनाला, हरप्रीत सिंह द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। इस बैठक के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। ट्रैफिक समस्या के समाधान को लेकर आयोजित इस बैठक में डीएसपी ट्रैफिक कुलवंत सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर शेरविंदर सिंह, मोनू गोयल, अनिल बंसल नाणा, वरुण बत्ता, राज कुमार शर्मा आदि शामिल हुए।

ट्रैफिक लाइट और बुनियादी ढांचे में सुधार

शहर के मुख्य पॉइंट्स पर ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए उपायुक्त ने निम्नलिखित आदेश जारी किए हैं:

नए सिनेमा और जोड़ा पंप: जोड़ा पंप बरनाला और अंडर ब्रिज पार करते ही नए सिनेमा के पास ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएंगी।

फुटपाथ और डिवाइडर: जोड़ा पंपों से लेकर शक्ति कला मंदिर (रेलवे स्टेशन के पास) तक डिवाइडर और फुटपाथ बनाने के लिए नगर निगम को एस्टीमेट तैयार कर टेंडर जारी करने की हिदायत दी गई है।

बाजारों से अवैध कब्जे हटाने का अभियान

बाजारों में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है:

पीली पट्टी का पालन: हंडियाया बाजार, सदर बाजार, फरवाही बाजार और के.सी. रोड पर दुकानदारों द्वारा पीली पट्टी से बाहर रखे सामान को हटाने के लिए पुलिस विभाग को व्यापार मंडल के साथ बैठक करने को कहा गया है।

चेकिंग: नगर निगम को हिदायत दी गई है कि वे बाजारों में पीली पट्टी की दोबारा जांच कर उसका रखरखाव सुनिश्चित करें।

भारी वाहनों और ई-रिक्शा के लिए नई रणनीति

शहर के भीतर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जाएंगे:

लोडिंग वाहनों का समय: बाजारों में पिकअप, छोटे हाथी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से होने वाली ढुलाई के लिए दोपहर 12 बजे तक का समय प्रस्तावित किया गया है, ताकि लेबर की समस्या भी न आए।

पार्किंग का प्रबंध: 12 बजे के बाद इन वाहनों के लिए 'गड्डा खाना चौक' का उपयोग किया जाएगा। मार्केट कमेटी को इस पार्किंग की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

ई-रिक्शा नंबरिंग: शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या को देखते हुए इनकी नंबरिंग करने और चालकों के लिए अलग ड्रेस लागू करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि अनधिकृत रिक्शा की पहचान हो सके।

सुरक्षा और जुर्माना 

टो-वैन: गलत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 2 टो-वैन का प्रबंध करने को कहा गया है। अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान काटकर उन्हें गड्डा खाना चौक में बंद किया जाएगा।

स्कूलों-कॉलेजों के सामने सुरक्षा: के.सी. रोड और संघेड़ा रोड पर स्थित स्कूलों/कॉलेजों के सामने तेज रफ्तार वाहनों को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर और बैरिकेडिंग करने के आदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) को दिए गए हैं।

इन आदेशों के पालन संबंधी रिपोर्ट लेने के लिए अगली बैठक 18 फरवरी 2026 को सुबह 10:00 बजे उपायुक्त कार्यालय में बुलाई गई है। सभी संबंधित विभागों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने के लिए पाबंद किया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!