Edited By Subhash Kapoor,Updated: 13 Sep, 2023 10:04 PM

जिला अमृतसर देहाती की पुलिस ने हैरोइन तस्करों पर पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है।
अमृतसर (संजीव): जिला अमृतसर देहाती की पुलिस ने हैरोइन तस्करों पर पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। अलग-अलग क्षेत्र में की गई छापामारी के दौरान 9 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में हैरोइन रिकवर की गई। जिसमें थाना खलचियां की पुलिस ने छापामारी के दौरान गुरप्रीत सिंह व उसके साथी राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 15 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।
उधर थाना मतेवाल की पुलिस ने सागर सिंह व महक दीप सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम हैरोइन बरामद की। थाना भिंडीसैदा की पुलिस ने जसपाल सिंह व जगतार सिंह को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 50 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। इसी तरह थाना मजीठा की पुलिस ने रइया रोड पर की गई नाकाबंदी के दौरान साजन सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना ब्यास की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे कमलजीत सिंह व उसकी पत्नी रेखा कौर को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।