Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Mar, 2018 08:23 AM
शुक्रवार सुबह करीब 10.15 बजे सोढल फाटक पर एक पैसेंजर ट्रेन के आगे आत्महत्या करने के उद्देश्य से बाहें फैलाकर खड़े एक व्यक्ति को गेटमैन ने बचा लिया। व्यक्ति की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह निवासी बाजार शेखां की तेल वाली...
जालंधर(गुलशन): शुक्रवार सुबह करीब 10.15 बजे सोढल फाटक पर एक पैसेंजर ट्रेन के आगे आत्महत्या करने के उद्देश्य से बाहें फैलाकर खड़े एक व्यक्ति को गेटमैन ने बचा लिया। व्यक्ति की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह निवासी बाजार शेखां की तेल वाली गली के रूप में हुई है।मौके पर पहुंचे आर.पी.एफ . के ए.एस.आई. नछत्तर सिंह ने उसे समझा-बुझाकर पूर्व पार्षद वीरेंद्र पाल शर्मा व अन्य इलाका निवासियों के साथ घर भेज दिया, लेकिन वह अपनी पत्नी से इस कदर परेशान था कि शाम को फिर सोढल फाटक पर खुदकुशी करने पहुंच गया। उसकी किस्मत अच्छी थी कि दूसरी बार भी उसे बचा कर जी.आर.पी. के हवाले कर दिया गया।
जी.आर.पी. थाने में अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी से तंग आकर खुदकुशी करने आया था। वह मकसूदां मंडी में चाय का खोखा चलाता है। करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी सोढल की रहने वाली डिम्पल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी डिम्पल और सास संतोष उससे पैसों की मांग करती रहतीं। हर समय पैसों की मांग से वह परेशान रहने लगा। उसने कहा कि घर में किसी भी चीज की कमी नहीं है। चाय के काम से वह घर चला रहा है। अभिषेक ने आरोप लगाया कि वह सुबह तड़के काम पर चला जाता और उसकी पत्नी घर रहने की बजाय अपने मायके चली जाती। वह ज्यादातर अपने मायके में ही रहना पसंद करती और रोजाना मुझ पर पैसे देने का दबाव डालती।
इस संबंध में डिम्पल ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर थाना डिवीजन नंबर 8 में उसके खिलाफ शिकायत भी दी। उसने कहा कि उनके खानदान में आज तक कभी किसी ने थाना या चौकी नहीं देखी लेकिन उसकी पत्नी ने थाने बुलाकर मुझ पर झूठे इल्जाम लगाए। अभिषेक ने कहा कि उसने थाने में हर महीने पैसे देने की बात भी मनवाई इसके बावजूद वह उसके साथ घर नहीं आई। शाम को दोबारा खुदकुशी करने के बारे में पूछने पर अभिषेक ने कहा कि उसकी पत्नी डिम्पल जब आज घर आई तो उसने कहा कि वह 3 महीने की गर्भवती है। यह सुनकर उसके होश उड़ गए क्योंकि उसे इस बारे कोई जानकारी नहीं थी। उसने कहा कि अगर ऐसी कोई बात होती है तो पत्नी सबसे पहले अपने पति को ही बताती है। उसने कहा कि यह सुनने के बाद वह फिर खुदकुशी करने सोढल फाटक चला गया। वहीं दूसरी तरफ उसकी पत्नी डिम्पल ने कहा कि उसने केवल पेट में दर्द होने की बात कही थी। उसके पति द्वारा उस पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं।