कपास उत्पादक किसानों के दरवाजों पर दस्तक देगी CCI, सीधी खरीद करेगी एजैंसी

Edited By Vatika,Updated: 14 Oct, 2019 12:04 PM

punjab crop farmers

सी.सी.आई. (कॉटन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया) की ओर से अब कपास उत्पादक किसानों के दरवाजों पर दस्तक दी जाएगी ताकि किसान अपनी फसल उक्त एजैंसी को बेचकर उसका बेहतर मूल्य हासिल कर सकें।

बठिंडा (परमिंद्र): सी.सी.आई. (कॉटन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया) की ओर से अब कपास उत्पादक किसानों के दरवाजों पर दस्तक दी जाएगी ताकि किसान अपनी फसल उक्त एजैंसी को बेचकर उसका बेहतर मूल्य हासिल कर सकें। एजैंसी द्वारा कपा सकी फसल की सीधी खरीद की जाएगी। गौरतलब है कि सी.सी.आई. की मंडियों में आमद हो चुकी है जिससे किसानों को कुछ राहत जरूरी मिली है। सी.सी.आई. की ओर से मापदंडों पर पूरी उतरने वाली कपास की फसल को कम से कम समर्थन मूल्य देकर खरीदा जा रहा है। सी.सी.आई. की आमद से पहले निजी फरमों व व्यापारियों द्वारा कपास की फसल को बेहद कम मूल्य में खरीदकर किसानों को चपत लगाई जा रही थी। सी.सी.आई. की ओर से किसानों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण स्तर पर किसानों के घरों पर भी दस्तक दी जा रही है।

कैंप लगाकर किसानों को करेंगे जागरूक
सी.सी.आई. के अधिकारियों ने बताया कि एजैंसी द्वारा ग्रामीण स्तर पर कपास उत्पादक किसानों को जागरूक करने के लिए उनके घरों पर दस्तक दी जाएगी व कैंप लगाकर किसानों को जागरूक किया जाएगा। इस मुहिम के तहत किसानों से फसल की सीधी खरीद की जाएगी जिससे किसानों को फायदा होगा। किसान अपनी फसल को सीधे संबंधित मिलों में लेकर आएंगे जहां सी.सी.आई. की ओर से उनकी फसल को बेहतर मूल्य पर खरीदा जाएगा। इन कैंपों में किसानों को इसी प्रोसैस के बारे जागरूक किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी फसल सी.सी.आई. को सीधे तौर पर बेच सकें व अच्छी कीमत हासिल कर सकें।

किसान सी.सी.आई. को दे रहे तरजीह
मंडियों में निजी फरमों व व्यापारियों के मुकाबले अधिकांश किसान अपनी फसल सी.सी.आई. को ही बेचने को तरजीह देने वाले हैं। किसानों को निजी व्यापारियों से फसल का पूरा मूल्य नहीं मिल रहा जिस कारण अधिकांश किसान सी.सी.आई. के मंडियों में उतरने का इंतजार कर रहे थे। सी.सी.आई. की ओर से पिछले सोमवार से खरीद का काम शुरू कर दिया गया था व किसानों को 8 फीसदी तक नमी वाली फसल के निर्धारित मूल्य के अनुसार 5440 रुपये प्रति क्विंटल दाम दिए जा रहे हैं। मंडियों में किसानों की फसल 4500 से 5000 रुपये तक में खरीदी जा रही थी जिस कारण किसानों ने फसल को स्टोर कर दिया था। अब किसान सी.सी.आई. को ही उक्त फसल बेचने के लिए निकल रहे हैं।

2 हजार क्विंटल से अधिक की हुई खरीद
बठिंडा व नजदीकी मंडियों में सी.सी.आई. की ओर से अब तक 2 हजार क्विंटल से अधिक कपास की खरीद की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी अधिकांश किसान मंडियों में फसल लेकर नहीं आ रहे। अगले कुछ दिनों में कपास की आमद में तेजी आने के आसार हैं। बठिंडा में लगभग 1 हजार क्विंटल कपास की खरीद सी.सी.आई. द्वारा कर ली गई है। इसके साथ ही करीब 1200 क्विंटल कपास की फसल अबोहर, मलोट व अन्य मंडियों से भी खरीदी जा चुकी है। आने वाले दिनों में आमद तेज होने के साथ-साथ खरीद की प्रक्रिया में भी तेजी के आसार हैं।

 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!