Edited By VANSH Sharma,Updated: 30 May, 2025 09:11 PM

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।
जालंधर : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। विजिलेंस विभाग ने शुक्रवार को जालंधर में तैनात पुलिस सब-इंस्पेक्टर सुखराज सिंह को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर जिले के अजनाला तहसील के गांव सैदपुर कलां के एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले व्यक्ति की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर सुखराज सिंह ने 18 मई 2025 को उसके दामाद को जालंधर में 403 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उसके दामाद के पास मौजूद गाड़ी और दो मोबाइल फोन SI के पास थे, लेकिन उन्हें केस प्रॉपर्टी में शामिल नहीं किया गया। SI ने बाद में कहा कि ये सामान वापस कर दिया जाएगा।
जब शिकायतकर्ता पुलिस स्टेशन में गाड़ी और मोबाइल लेने गया, तो SI ने उसके बदले ₹50,000 की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा ₹30,000 में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया और SI सुखराज सिंह को ₹30,000 लेते हुए दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना, जालंधर रेंज में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here