Edited By Subhash Kapoor,Updated: 22 May, 2023 09:46 PM

जिले के अधीन आते कस्बा झब्बाल में स्थित प्राइवेट अस्पताल में करीब 8-10 अज्ञात व्यक्तियों ने पहले तोड़-फोड़ की बाद में हमलावर अस्पताल से नकदी लूट कर फरार हो गए।
तरनतारन (रमन): जिले के अधीन आते कस्बा झब्बाल में स्थित प्राइवेट अस्पताल में करीब 8-10 अज्ञात व्यक्तियों ने पहले तोड़-फोड़ की बाद में हमलावर अस्पताल से नकदी लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना थाना झब्बाल की पुलिस को दी गई। डा. गुरसेवक सिंह, सरपंच मनजिंदर सिंह एमां, गुरसेवक सिंह एमां, निशान सिंह एमां, प्रताप सिंह ने बताया कि गांव सोहल का एक युवक शहीद बाबा दीप सिंह लाइफ केयर अस्पताल में काम करता था। किसी बात को लेकर विवाद होने पर उक्त युवक को कुछ दिनों पहले निकाल दिया गया। इसी रंजिश को लेकर दोपहर के समय 8-10 अज्ञात व्यक्तियों ने अस्पताल के बाहर पहुंच कर अचानक हमला कर दिया। हमलावर दातर, कृपाण, बेसबाल जैसे जानलेवा हथियारों से लैस थे। इन्होंने पहले अस्पताल के शीशों, मशीनों की तोड़-फोड़ की, बाद में हमलावर अस्पताल से करीब 70 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। घटना अस्पताल के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुई है। उधर, जब घटना का पता थाना झब्बाल के प्रभारी केवल सिंह को चला तो इन्होंने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरु कर दी है।