Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Dec, 2025 07:16 PM

फाजिल्का के गांव सैदोके हिथाड़ में बच्चों की तकरार के बाद दो पक्षों के बीच जबरदस्त लड़ाई हो गई। इस झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष के व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के 2...
फाजिल्का (कृष्ण): फाजिल्का के गांव सैदोके हिथाड़ में बच्चों की तकरार के बाद दो पक्षों के बीच जबरदस्त लड़ाई हो गई। इस झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष के व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के 2 लोग भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
पहले पक्ष की ओर से पीड़ित जोगिंदर सिंह और रणजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि उनका दूसरे पक्ष के साथ बच्चों को लेकर झगड़ा चल रहा था। मामला पंचायत में भी गया था, लेकिन कोई हल नहीं निकला। पीड़ितों के मुताबिक, जब वे बीती सुबह करीब 10 बजे अपने घर पर चाय पी रहे थे, तो दूसरे पक्ष के 30-35 लोगों ने उनके घर पर हमला कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया, घर में घुसकर मारपीट की, कपड़े फाड़े और महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की। इस हमले में रणजीत सिंह के दांत और उंगलियां टूट गई हैं और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदकोट रेफर किया गया है।
अस्पताल में भर्ती दूसरे पक्ष की ओर से राज रानी ने पहले पक्ष के आरोपों को नकारते हुए कहा कि हमला उन्होंने नहीं बल्कि पहले पक्ष ने शुरू किया था। राज रानी ने बताया कि झगड़े की शुरुआत तब हुई जब पहले पक्ष के एक लड़के ने उनके लिए गलत शब्दावली (अपशब्दों) का इस्तेमाल किया। जब उसके भाई और पिता ने इस बारे में उलाहना दिया, तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पक्ष ने बाहर से गुंडे बुलाकर छतों से ईंटें बरसाईं। राज रानी ने कहा कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई है। फिलहाल वे भी चोटें लगने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन हैं। फिलहाल दोनों पक्ष अस्पताल में भर्ती हैं और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस द्वारा अगली कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।