Edited By Vatika,Updated: 11 Apr, 2023 11:41 AM

सोशल मीडिया पर प्रैजेंस बनाए रखने के लिए प्लानिंग करता था और कमांड देता था।
चंडीगढ़: ‘वारिस पंजाब दे’ जत्थेबंदी के प्रमुख अमृतपाल सिंह का सोशल मीडिया नैटवर्क पपलप्रीत सिंह ही संभालता रहा है। 18 मार्च की पुलिस कार्रवाई के बाद से लगातार अमृतपाल सिंह के साथ रहे पपलप्रीत सिंह ने ही समर्थन जुटाने व दबाव बनाने की रणनीति के तहत अमृतपाल सिंह को वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की सलाह दी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक चंद महीनों के दौरान ही चर्चा में आए ‘वारिस पंजाब दे’ जत्थेबंदी के प्रमुख अमृतपाल सिंह की मीडिया व सोशल मीडिया मैनेजमैंट शुरू से ही पपलप्रीत सिंह देख रहा था। वही था, जो अमृतपाल सिंह की सोशल मीडिया पर प्रैजेंस बनाए रखने के लिए प्लानिंग करता था और कमांड देता था। पुलिस का कहना है कि 18 मार्च को हुए पुलिस एक्शन के बाद पपलप्रीत सिंह ही था, जो अमृतपाल सिंह के साथ लगातार मौजूद रहा और अपने संपर्कों के जरिए पुलिस से बचे रहने में मदद करता रहा।
पटियाला और हरियाणा में मदद देने वाली दोनों महिलाएं भी पपलप्रीत सिंह के ही संपर्क में थीं। सूत्रों का कहना है कि तकनीक की जानकारी रखने वाला पपलप्रीत सिंह भी एक छोटी सी गलती कर गया, जिससे वह आसानी से पुलिस के हाथ लग गया। पता चला है कि पपलप्रीत सिंह द्वारा इस्तेमाल किए गए एक फोन के आई.पी. की ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को उसके बारे में जानकारी हासिल हुई और उसे दबोच लिया गया।