Edited By VANSH Sharma,Updated: 04 Jul, 2025 05:41 PM

जालंधर जिले ने नीति आयोग के एस्पिरेशनल ब्लॉक्स प्रोग्राम (ABP) में बड़ी कामयाबी हासिल की है।
जालंधर : जालंधर जिले ने नीति आयोग के एस्पिरेशनल ब्लॉक्स प्रोग्राम (ABP) में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पूरे देश (जोन-II) में शाहकोट ब्लॉक ने पहला स्थान हासिल करते हुए 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जीती है। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, खेती और बुनियादी ढांचे के विकास पर किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नीति आयोग के अधिकारियों को जिले की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाहकोट ब्लॉक ने मुख्य मानकों पर बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके चलते इसे देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला ब्लॉक घोषित किया गया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह सफलता अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत और ठोस प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने बताया कि शाहकोट ब्लॉक में बीपी और शुगर के मरीजों की जांच, पोषण बगिचों की स्थापना, एनीमिया को खत्म करने, किसानों के समूहों को मजबूत करने, सॉयल हेल्थ कार्ड का 100% संग्रह, स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, और स्थानीय लोगों की भागीदारी जैसे कई कदम उठाए गए, जिनसे प्रदर्शन में सुधार हुआ।
डिप्टी कमिश्नर ने पंजाब सरकार का भी धन्यवाद किया, जिनके सहयोग और नेतृत्व की वजह से यह सफलता संभव हुई। उन्होंने जालंधर प्रशासन की टीम भावना की भी सराहना की।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 7 जनवरी 2023 को मुख्यमंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के दूर-दराज और पिछड़े ब्लॉकों में प्रशासन को बेहतर बनाकर लोगों के जीवन स्तर को सुधारना है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शाहकोट की यह उपलब्धि प्रशासन को जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनहित केंद्रित और नवाचारी प्रयास करने के लिए प्रेरित करेगी, ताकि पूरे जालंधर को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here