जालंधर का गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम बना बदहाली का शिकार, उठे गंभीर सवाल

Edited By Kalash,Updated: 14 Nov, 2026 11:41 AM

jalandhar guru gobind singh stadium

खेलों के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय पहचान रखने वाले जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की मौजूदा हालत शहर के खेल ढांचे और सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

जालंधर (चोपड़ा): खेलों के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय पहचान रखने वाले जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की मौजूदा हालत शहर के खेल ढांचे और सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। कभी बड़े खेल आयोजनों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पहचान रखने वाला यह स्टेडियम आज रखरखाव की अनदेखी और बदइंतजामी का शिकार दिखाई दे रहा है। स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों की बदहाल तस्वीरें देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि लंबे समय से इसकी नियमित देखरेख और मुरम्मत को गंभीरता से नहीं लिया गया।

स्टेडियम की दर्शक दीर्घा में बैठने वाली कुर्सियों के बीच घास-फूस उग आई है। कई स्थानों पर छत के पैनल टूटे हुए हैं, जबकि दरवाजों की हालत भी खस्ता दिखाई देती है। दर्शकों और खिलाड़ियों के इस्तेमाल के लिए बने शौचालयों में सफाई तथा बुनियादी सुविधाओं की कमी साफ नजर आती है। खेल मैदान की स्थिति भी अपेक्षित स्तर की नहीं है। इन हालातों से स्पष्ट है कि स्टेडियम के रखरखाव के लिए नियमित निरीक्षण, सफाई और मुरम्मत की व्यवस्था प्रभावी ढंग से नहीं चल रही।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि स्टेडियम की मालकियत जालंधर इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट के पास है। ऐसे में इसकी मौजूदा दुर्दशा ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी निभाने के तरीके पर सवाल खड़े करती है। आखिर इतने महत्वपूर्ण खेल परिसर की देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते मरम्मत और सुधार के कदम क्यों नहीं उठाए? क्या स्टेडियम की हालत पूरी तरह बिगड़ने के बाद ही संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जाएगी?

यह स्टेडियम केवल खेल गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र नाम से जुड़ा हुआ है। ऐसे सम्मानित नाम वाले परिसर की इस तरह उपेक्षा होना शहर के लिए भी अफसोसजनक है। इसकी साफ-सफाई, रखरखाव और मर्यादा बनाए रखना संबंधित संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

स्टेडियम की मौजूदा स्थिति में सुधार के लिए पंजाब सरकार, खेल विभाग, जिला प्रशासन और इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट के बीच जवाबदेही तय करना जरूरी है। दर्शक दीर्घा की कुर्सियों, छत, दरवाजों और शौचालयों की तत्काल मरम्मत के साथ खेल मैदान का भी व्यापक सुधार किया जाना चाहिए। इसके लिए विशेष बजट जारी करने और नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था बनाने की जरूरत है। अन्यथा खेलों को बढ़ावा देने के दावे ऐसे ही बदहाल स्टेडियमों के सामने खोखले साबित होते रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!