Edited By Paras Sanotra,Updated: 10 Aug, 2023 04:06 PM
सेक्टर-17 स्थित बी.बी. काउंसिल के अधिकारियों के खिलाफ वीज़ा के नाम पर धोखाधड़ी करने का दूसरा मामला दर्ज़ किया गया है।
चंडीगढ़: सेक्टर-17 स्थित बी.बी. काउंसिल के अधिकारियों के खिलाफ वीज़ा के नाम पर धोखाधड़ी करने का दूसरा मामला दर्ज़ किया गया है। इस बार बठिंडा के रहने वाले गुरचरण सिंह के साथ 7 लाख 43 हज़ार 248 रुपए की ठगी हुई। पुलिस को दी शिकायत में गुरचरण सिंह ने बताया कि उसकी पोती सिमरन विदेश जाना चाहती थी। वह सेक्टर-17 में स्थित बी.बी. काउंसिल के पास पोती के साथ फरवरी 2022 में गया था।
कंपनी ने कहा कि वह कर्ज़ देकर गरीब बच्चों को विदेश भेजती है। सिमरन ने विदेश का वीज़ा लगवाने के लिए हामी भर दी। कंपनी ने ऑफर लेटर के लिए 12 हज़ार और फाइल प्रोसेस फीस के लिए 35 हज़ार रुपए लिए। इसके बाद रविंदर सिंह, मनप्रीत बराड़ ने 11 लाख 50 हज़ार का लोन दिलवाने के लिए दस्तावेज़ चेक किए। जून महीने में सिमरन के बीमा के लिए एक लाख 80 हज़ार रुपए जमा किए गए थे। कंपनी ने जी.आई.सी. फीस के लिए 15 दिन में चार लाख रुपए जमा करने को कहा। इसके बाद 17 जून को ऑफर लेटर मिला। 15 नवंबर को बायोमेट्रिक करवाया गया।
इस दौरान सिमरन ने कनाडा के कैंब्रिया कॉलेज के ऑफर लेटर की जांच करवाई तो वह फर्ज़ी निकला। जब शिकायतकर्ता ने कंपनी से संपर्क किया और पैसे वापिस मांगे तो उन्होंने बहाने बनाना शुरू कर दिए। गुरचरण सिंह ने काउंसिल के रविंदर सिंह और मनप्रीत बराड़ सहित अन्य को 7 लाख 43 हज़ार 248 रुपए दिए लेकिन उनकी पोती का वीज़ा नहीं लगा। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-17 थाना की पुलिस ने उक्त कंपनी और उसके अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज़ कर लिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here