Edited By Vatika,Updated: 07 May, 2024 11:00 AM
मई माह में बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी और सर्दी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है
चंडीगढ़ः मई माह में बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी और सर्दी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। चंडीगढ़ पी. जी.आई. के विशेषज्ञों ने लोगों के लिए खास निर्देश जारी किए हैं। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी के सीधे संपर्क में आने से बचें। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े, छाता, टोपी और चश्मा पहनने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही लोगों को अधिक पानी पीने और ठंडी जगह पर रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के निदेशक ए.के. सिंह ने बताया कि रविवार को भी शहर में भीषण गर्मी रही। अब तक अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था। आने वाले दिनों में भी शहरवासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिन भर तेज धूप रहेगी और शहर का अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और यह 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री को पार कर जाएगा।
एडवाइजरी में स्वास्थ्य विभाग ने बाहर जाने वाले लोगों के साथ-साथ घर पर रहने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसमें कहा गया है कि दिन के दौरान खिड़कियां और पर्दे बंद रखें, खासकर इमारतों के धूप वाले हिस्सों में। रात को ठंडी हवा आने के लिए खिड़कियां खोल दें। इसके साथ ही शराब, कैफीनयुक्त पेय पदार्थों से बचे और नारियल पानी, नींबू पानी और ऐसे अन्य पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी गई है।