पराली के धुएं ने ली एक और जान! हादसे में घायल पति ने भी तोड़ा दम, अब तक 2 की मौ+त

Edited By Vatika,Updated: 22 Nov, 2026 12:25 PM

accident news

दोराहा थाना क्षेत्र के गांव जैपुरा के निकट खेत में पराली को आग लगाने के कारण सड़क पर फैले घने धुएं और तेज रफ्तार

दोराहा (विनायक): दोराहा थाना क्षेत्र के गांव जैपुरा के निकट खेत में पराली को आग लगाने के कारण सड़क पर फैले घने धुएं और तेज रफ्तार एक्सयूवी गाड़ी के कारण हुए भीषण सड़क दुर्घटना में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है। दुर्घटना वाले दिन आग की चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से झुलसी मनजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसका पति नगिंदर सिंह पुत्र हरचंद सिंह निवासी गांव शाहपुर, जो दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था, ने भी उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में पायल निवासी जसपाल सिंह और उसकी पत्नी सुरिंदर कौर भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

बेटी से मिलकर घर लौट रहे थे पति-पत्नी
पुलिस को दिए बयान में नगिंदर सिंह ने बताया था कि वह खेतीबाड़ी के साथ-साथ साहनेवाल की एक आढ़त की दुकान पर मुनीम के रूप में भी काम करता था। 19 नवंबर को वह अपनी पत्नी मनजीत कौर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव जैपुरा में अपनी बेटी जगदीप कौर से मिलने आया था। शाम करीब 4 बजे दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल पर वापस अपने गांव शाहपुर जा रहे थे। नगिंदर सिंह ने बताया कि जब वे गांव जैपुरा से गांव शाहपुर जाने वाली सड़क पर गांव से करीब 100 मीटर आगे पहुंचे तो सड़क के बाईं ओर खेत में, सड़क के साथ ही पराली को आग लगी हुई थी। आग के कारण इतना घना धुआं फैला हुआ था कि सड़क पर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान गांव शाहपुर की ओर से आ रही काले रंग की एक एक्सयूवी गाड़ी ने कथित तौर पर तेज रफ्तार से आते हुए उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दौरान उनके पीछे आ रहे एक अन्य मोटरसाइकिल को भी गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिस पर जसपाल सिंह और उसकी पत्नी सुरिंदर कौर सवार थे।

मोटरसाइकिल सहित आग की चपेट में आए पति-पत्नी
नगिंदर सिंह ने अपने बयान में बताया कि टक्कर लगने के कारण वह और उसकी पत्नी मोटरसाइकिल सहित खेत में जल रही पराली में जा गिरे। इस दौरान उनके मोटरसाइकिल को भी आग लग गई और आग की तपिश के कारण उसके मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फट गई। इस भयानक दुर्घटना में मनजीत कौर बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नगिंदर सिंह के शरीर पर भी आग की काफी तपिश पड़ी और गाड़ी की टक्कर के कारण उसकी दाईं जांघ तथा बाईं बाजू में फ्रैक्चर हो गए। उसने यह भी बताया कि दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार जसपाल सिंह और उसकी पत्नी सुरिंदर कौर भी सड़क दुर्घटना के दौरान आग की चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने परिवार के सदस्यों को सूचित किया। बाद में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मनजीत कौर के शव को सिविल अस्पताल पायल की मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि नगिंदर सिंह को पहले सिद्धू अस्पताल दोराहा ले जाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसी अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया गया था। वहां उपचार के दौरान वह भी जख्मों का ताव न सहते हुए चल बसा।

खेत मालिक द्वारा पराली को आग लगाने का आरोप
नगिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि गांव जैपुरा के खेत मालिक गुरदीप सिंह पुत्र गुरमेल सिंह ने अपने खेत में पराली को आग लगाई हुई थी। उसने आरोप लगाया कि खेत में पराली जलाने के कारण सड़क पर धुआं फैल गया और दूसरी ओर एक्सयूवी गाड़ी के अज्ञात चालक द्वारा कथित तौर पर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के कारण यह हादसा हुआ।

दोराहा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
पुलिस कार्रवाई संबंधी मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल नगिंदर सिंह के बयान दर्ज करने के लिए डीएमसी अस्पताल लुधियाना पहुंचकर डॉक्टर से उसके बयान देने के लिए फिट होने की पुष्टि करवाई। इसके बाद उसके बयान दर्ज किए गए और उसके भतीजे सुखवीर सिंह ने भी बयान की तस्दीक की। बाद में थाना दोराहा में एक्सयूवी गाड़ी के अज्ञात चालक और खेत में पराली को आग लगाने के आरोप में गुरदीप सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी गांव जैपुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125(ए), 125(बी), 105, 324(4) और 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!