Big News : गैं/गस्टर के निशाने पर थे बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, जालंधर के युवक सहित 2 गिरफ्तार

Edited By Urmila,Updated: 15 Nov, 2026 04:06 PM

a plot to attack bollywood megastar amitabh bachchan

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित योजना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

पंजाब डेस्क: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित योजना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने पंजाब से ताल्लुक रखने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर के विकास ठाकुर और तरनतारन के दीपक सिंह के तौर पर हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के तार विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से जुड़ने की बात सामने आई है।

Amitabh Bachchan attack

विदेश में बैठे गैंगस्टर ने बनाया था हमले का प्लान

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस साजिश के पीछे अमिताभ बच्चन के 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर नाराजगी वजह बताई जा रही है। पुलिस को पता चला है कि दीपक सिंह को मुंबई भेजकर अभिनेता के बंगले 'जलसा' के बाहर फायरिंग करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही इस तरह का बयान देने के आरोपों को खारिज कर चुके हैं।

पहले दिल्ली में वारदात को अंजाम देने पहुंचा था विकास

पुलिस की कार्रवाई में सामने आया कि विकास ठाकुर केवल अमिताभ बच्चन से जुड़े मामले में ही नहीं, बल्कि दिल्ली के एक कारोबारी को निशाना बनाने की तैयारी में भी शामिल था। दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के अनुसार, न्यू गांधी नगर, जालंधर का रहने वाला विकास कारोबारी से रंगदारी मांगने और उस पर गोली चलाने के इरादे से दिल्ली पहुंचा था। इस योजना में दीपक सिंह को भी साथ देना था। पुलिस ने समय रहते विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई करते हुए दीपक को भी हिरासत में ले लिया गया।

अमृतसर के चर्चित हत्याकांड से भी जुड़ा दीपक का नाम

गिरफ्तार दीपक सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है। उसका नाम 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुए इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू के हत्याकांड में सामने आया था। इस मामले में पंजाब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वहीं, इस केस में कथित तौर पर उसके साथ जुड़े पलविंदर सिंह उर्फ काका को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

1984 के दंगों में अमिताभ पर क्या लगे थे आरोप?

अमिताभ बच्चन को लेकर विवाद की जड़ें 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों से जुड़ी हैं। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली समेत कई जगहों पर हिंसा भड़की थी। इस दौरान कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने अभिनेता पर भीड़ को भड़काने का आरोप लगाया था। दावों के मुताबिक, 31 अक्टूबर 1984 को एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ ने कथित तौर पर ऐसे नारे लगाए थे, जिन्हें हिंसा भड़काने वाला बताया गया। शिकायतकर्ताओं ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण का हवाला देते हुए भी आरोप लगाए थे। हालांकि, इस दावे से जुड़ा कोई आधिकारिक वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है और अभिनेता इन आरोपों को नकार चुके हैं।

पहले भी मिल चुकी है 'जलसा' को निशाना बनाने की धमकी

मुंबई में अमिताभ बच्चन का बंगला 'जलसा' पहले भी धमकियों के चलते चर्चा में रहा है। 6 नवंबर को उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भी इसी तरह का संदेश भेजे जाने की बात सामने आई थी। फिलहाल, दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हमले की योजना किस स्तर तक तैयार हो चुकी थी और विदेश में बैठा गैंगस्टर इस पूरे नेटवर्क को कैसे संचालित कर रहा था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!