Edited By Vatika,Updated: 26 May, 2026 12:24 PM

ईद-उल-अजहा के मद्देनज़र बारामुला के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है।
बारामुला (रिजवान मीर): ईद-उल-अजहा के मद्देनज़र बारामुला के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। शहर के विभिन्न बाजारों में बेकरी, रेडीमेड गारमेंट्स, कॉस्मेटिक्स, फल एवं सब्जियों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
27 मई को मनाई जाने वाली ईद-उल-अज़हा से पहले खरीदारी का सिलसिला तेज हो गया है। कश्मीर में ईद से एक दिन पहले को “अरफा” कहा जाता है और इसी दिन लोग बड़े स्तर पर खरीदारी करते हैं। सुबह से देर शाम तक बाजारों में लोगों की आवाजाही जारी है, जिससे व्यापारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
ईद-उल-अज़हा, जिसे कुर्बानी की ईद भी कहा जाता है, के चलते लोग अपने घरों और त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजारों में लोग नए कपड़े, बेकरी आइटम, फल-सब्जियां और अन्य जरूरी सामान खरीदते नजर आए। इस अवसर पर औकाफ इस्लामिया बारामुला के अध्यक्ष नज़ीर अहमद खान ने कहा कि ईद की नमाज़ ईदगाहों में अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद की खुशियों में गरीबों और जरूरतमंदों का भी विशेष ध्यान रखें और उनकी सहायता के लिए आगे आएं।