Edited By Kalash,Updated: 09 Jul, 2026 04:50 PM

मलोट में कैरो रोड कट एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
मलोट (गोयल): मलोट में कैरो रोड कट एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। नगर कौंसिल चुनावों से पहले यह कट काफी विवादों में रहा था, लेकिन अब राजनीतिक बहस से हटकर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है। जानकारी के अनुसार चुनावों से पहले इस कट को लेकर एक नगर कौंसिलर उम्मीदवार ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया था कि यह कट जानबूझकर खोला जा रहा है। उस समय इस मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष में खूब बहस हुई थी तथा इसे राजनीतिक दृष्टि से भी देखा गया।
उस दौरान यह भी चर्चाएं रहीं कि इस फैसले का असर एक उम्मीदवार के कारोबारी हितों पर पड़ सकता है। हालांकि चुनाव समाप्त होने के बाद भी यह कट यथावत बना हुआ है। अब स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर न तो कोई डिवाइडर है, न स्पष्ट रोड मार्किंग और न ही वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त व्यवस्था। इसके कारण वाहन अचानक मुख्य सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय इस स्थान पर जल्द डिवाइडर, स्पष्ट रोड मार्किंग तथा स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में नगर कौंसिल मलोट ने भरोसा दिलाया है कि इस समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here