Edited By Kamini,Updated: 21 Nov, 2026 12:40 PM

मोहाली के सेक्टर-70 में जुबली वॉक के पास बर्थडे पार्टी मनाने आए युवकों को लड़कियों की मदद करना भारी पड़ गया।
मोहाली (जस्सी): मोहाली के सेक्टर-70 में जुबली वॉक के पास बर्थडे पार्टी मनाने आए युवकों को लड़कियों की मदद करना भारी पड़ गया। छेड़छाड़ करने वालों को समझाने की कोशिश की तो 8-10 अज्ञात युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में शिकायतकर्ता और उसके एक दोस्त को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए मोहाली के सिविल हॉस्पिटल फेज-6 में भर्ती कराया गया।
थाना मटौर पुलिस ने बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता मंदीप सिंह (33) निवासी मंडी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले ने पुलिस को बताया कि वह टैक्सी ड्राइवर है। 18 नवंबर को वह अपने दोस्त चरण सिंह निवासी अंबे माजरा की फॉर्च्यूनर कार में वरिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह और हुसन के साथ हुसन का बर्थडे मनाने के लिए जुबली वॉक, सेक्टर-70, मोहाली आया था।
रात करीब 10:50 बजे वह पीछे की तरफ पिज्जा खा रहा था, तभी 8-10 युवक उसके पास खड़ी लड़कियों को छेड़ रहे थे। लड़कियों ने उससे मदद मांगी, जिस पर उसने युवकों को समझाया। इसके बाद वे वहां से चले गए। मंदीप सिंह के मुताबिक, 15-20 मिनट बाद वही युवक वापस आए और जान से मारने की नीयत से उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। एक युवक ने उसके सिर पर दरांती से वार किया, जबकि दूसरे ने चरण सिंह की आंख पर हमला किया। लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। दोस्त घायल को अस्पताल ले गए। मंदीप के सिर पर 10-12 टांके लगे हैं। उसने हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मटौर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here