Edited By Urmila,Updated: 16 Nov, 2026 10:45 AM

बस्ती अड्डा चौक स्थित पैट्रोल पंप के सामने वाली गली में एम.एस. जगन्नाथ एंड सन्स की दुकान से बीड़ियों के 5 बोरे चोरी करने के मामले को थाना नंबर-2 की पुलिस ने ट्रेस कर लिया है।
जालंधर (शौरी) : बस्ती अड्डा चौक स्थित पैट्रोल पंप के सामने वाली गली में एम.एस. जगन्नाथ एंड सन्स की दुकान से बीड़ियों के 5 बोरे चोरी करने के मामले को थाना नंबर-2 की पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। पुलिस ने इस मामले 2 सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने बताया कि दुकान मालिक नवीन नंद पुत्र सुरिंदर पाल निवासी मकान नंबर-63, प्रकाश नगर, मॉडल टाऊन के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्त्ता के मुताबिक 30 अक्तूबर को वह रोजाना की तरह देर शाम दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का कुछ हिस्सा उखड़ा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि चोर बीड़ियों के पैकेटों से भरे 5 बोरे चोरी करके ले गए हैं।
मामले की जांच के लिए ए.एस.आई. बलविंदर सिंह और अन्य पुलिस कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गईं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो युवक गांधी वनीता आश्रम के पास एक खाली प्लॉट में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लव कुमार (35) पुत्र तरसेम लाल और उसके छोटे भाई अरुण, निवासी बूटा मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लव के खिलाफ पहले चोरी सहित करीब 13 मामले दर्ज हैं, जबकि अरुण के खिलाफ करीब 5 मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने 3 साथियों के साथ रात करीब 2:30 बजे दुकान का शटर उखाड़कर चोरी की थी। चोरी किए गए माल में से दो बोरे आरोपियों के हिस्से में आए थे। उन्होंने कुछ बीड़ियां बेच दी थीं, जबकि बाकी बीड़ियां वर्कशॉप चौक स्थित जलवायु बिहार के पास एक खंडहर दुकान में छिपाकर रखी थीं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त स्थान से बीड़ियों के कुछ पैकेट बरामद कर लिए हैं। एस.एच.ओ. लखवीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं, गिरोह के फरार 3 अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here