Edited By Kamini,Updated: 17 Nov, 2026 04:53 PM

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच दोबारा गठबंधन होने की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।
बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच दोबारा गठबंधन होने की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। इसी बीच अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बठिंडा जिले के धार्मिक एवं राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हलके तलवंडी साबो में प्रस्तावित अपनी बस यात्रा को दूसरी बार रद्द कर दिया है।
पहले 10 नवंबर को निर्धारित इस कार्यक्रम को 16 नवंबर के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन अब इसे दोबारा रद्द कर दिया गया है। फिलहाल पार्टी की ओर से कार्यक्रम की कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है। सुखबीर बादल की बस यात्रा का रद्द होना ऐसे समय में हुआ है, जब पंजाब के राजनीतिक गलियारों में अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत की चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 और 22 नवंबर को बठिंडा पहुंच सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर भी कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि इस दौरे के दौरान अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर कोई बड़ा ऐलान हो सकता है। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे और गठबंधन के औपचारिक ऐलान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
गठबंधन की बातचीत के बीच कार्यक्रम टलने से बढ़ी सियासी चर्चाएं
अकाली दल की 'पंजाब बचाओ यात्रा' के तहत तलवंडी साबो में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, कार्यक्रम रद्द होने का संबंध अकाली दल और भाजपा के बीच चल रही गठबंधन संबंधी बातचीत से है। उनका मानना है कि दोनों पार्टियों के बीच बातचीत पूरी होने के बाद ही यात्रा के लिए नई तारीख निर्धारित की जा सकती है। तलवंडी साबो हलके के अकाली दल प्रभारी रविप्रीत सिंह सिद्धू ने भी कार्यक्रम दो बार रद्द होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 10 नवंबर को होना था, जिसे बाद में 16 नवंबर के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसे भी रद्द कर दिया गया है। फिलहाल पार्टी हाईकमान की ओर से नई तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, उन्होंने कार्यक्रम रद्द होने के पीछे के कारणों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।
मोदी के संभावित दौरे पर टिकी राजनीतिक दलों की नजरें
पंजाब में अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की संभावनाओं को लेकर लंबे समय से राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। दोनों दल पहले भी कई वर्षों तक गठबंधन में रह चुके हैं, लेकिन कृषि कानूनों को लेकर वर्ष 2020 में अकाली दल ने भाजपा से अपना राजनीतिक रिश्ता तोड़ लिया था। इसके बाद से दोनों पार्टियां अलग-अलग राजनीतिक राह पर चल रही हैं। अब बदलते राजनीतिक हालात के बीच दोनों दलों के दोबारा नजदीक आने की चर्चाओं ने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21-22 नवंबर के संभावित बठिंडा दौरे को भी इसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। यदि गठबंधन को लेकर कोई फैसला होता है तो इसका असर आने वाले समय में पंजाब की राजनीतिक रणनीति और चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है।
धार्मिक और राजनीतिक दृष्टि से अहम है तलवंडी साबो
तलवंडी साबो का पंजाब की राजनीति में विशेष महत्व है। यह सिख धर्म के पांच तख्तों में शामिल तख्त श्री दमदमा साहिब का पवित्र स्थान है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह विधानसभा हलका बठिंडा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। बठिंडा लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल लगातार चौथी बार सांसद हैं। गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले 13 नवंबर को पूर्व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) अध्यक्ष बीबी जागीर कौर के पार्टी में शामिल होने से संबंधित कार्यक्रम भी सुखबीर बादल की अन्य व्यस्तताओं के कारण स्थगित कर दिया गया था। लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों के स्थगित होने और बस यात्रा की तारीख दो बार बदले जाने के बाद अब सभी की नजरें 21-22 नवंबर को होने वाले संभावित प्रधानमंत्री दौरे और अकाली दल-भाजपा के बीच गठबंधन को लेकर होने वाले अगले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here