Edited By Vatika,Updated: 18 Nov, 2026 11:07 AM

चोरों और सेंधमारों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और वे अब रिहायशी व बाजार क्षेत्रों में स्थित दुकानों को बेखौफ होकर निशाना बना रहे
लुधियाना (राज) : चोरों और सेंधमारों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और वे अब रिहायशी व बाजार क्षेत्रों में स्थित दुकानों को बेखौफ होकर निशाना बना रहे हैं। ताजा मामले में महावीर एन्क्लेव कॉलोनी के नजदीक स्थित शारदा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में रात के अंधेरे में सेंधमारी कर लाखों रुपये का कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी चोरी कर ली गई।
चोरों ने छत पर बनी ममटी का दरवाजा तोडक़र दुकान के अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक भरत कुमार के बयानों के आधार पर थाना हैबोवाल की पुलिस ने दो नामजद आरोपियों जसविंदर सिंह और कन्हैया कुमार के खिलाफ चोरी व सेंधमारी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता भरत कुमार ने बताया कि महावीर एन्क्लेव कॉलोनी के पास उसकी शारदा इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। बीती 01 और 02 नवंबर की दरमियानी रात को आरोपी जसविंदर सिंह और कन्हैया कुमार ने चोरी की नीयत से उसकी दुकान को निशाना बनाया। दोनों आरोपियों ने पहले दुकान की छत पर बनी ममटी का दरवाजा तोड़ा और उसके रास्ते दुकान के भीतर दाखिल हो गए। दुकान के अंदर घुसने के बाद आरोपियों ने वहां रखा कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान और गल्ले में रखी नकदी समेट ली।
शिकायतकर्ता भरत कुमार के मुताबिक, चोर दुकान से 03 एल.ई.डी., 03 होम थिएटर, 04 इंडक्शन चूल्हे, 20 हजार नकद चुराकर ले गए। सुबह जब दुकान मालिक को चोरी की इस वारदात का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुकान मालिक भरत कुमार के बयानों के आधार पर नामजद दोनों आरोपियों—जसविंदर सिंह और कन्हैया कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है ताकि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी बरामद की जा सके।